स्ट्रीट लाइटे शत-प्रतिशत चालू हालत में हो- मंडलायुक्त
कमिश्नर ने संभावित बाढ़ की स्थिति होने पर पर्याप्त संख्या में रैन बसेरों की स्थापना और फूड पैकेट की व्यवस्था संबंधी कार्य योजना तैयार रखें जाने का दिया निर्देश
मानसून एक्शन प्लान की बैठक संपन्न
वाराणसी। मंडलायुक्त एस.राजलिंगम की अध्यक्षता में मानसून एक्शन प्लान की बैठक रविवार को कमिश्नरी सभागार में हुई। जिसमे मंडलायुक्त ने विभिन्न सम्बन्धित विभाग के अधिकारियो से मानसून से पहले कराए जाने वाले कार्यों और अब तक की प्रगति के बारे में विस्तृत जानकारी ली। मंडलायुक्त ने कहा कि पूरे बनारस में बिजली सप्लाई के लिए अंडरग्राउंड वायरिंग का कार्य हुआ है, उसके डिस्ट्रीब्यूशन बॉक्स जमीन के लेवल पर है उसे ऊंचा किया जाए और किसी भी दशा में तारों को प्लास्टिक से न बांधा जाए। उसे अच्छे तरीके से फेंसिंग/कवरिंग किया जाए। उन्होने बिजली विभाग के चीफ इंजीनियर से कहा कि अभियान चलाकर तारों को प्लास्टिक मुक्त कराएं।
मंडलायुक्त ने बाढ़ के दौरान बिजली सप्लाई और कटौती सहित अन्य तकनीकी समस्याओं की जानकारी जनप्रतिनिधियों के व्हाट्सएप ग्रुप में शेयर किया जाए। कहा कि जहां भी बिजली के खंभे हटाए जाएं, सभी को एक साथ शिफ्ट किया जाए। उन्होने स्ट्रीट लाइट पर एक कार्य योजना बनाने के निर्देश दिए। कहा कि पूरे शहर की स्ट्रीट लाइटें चालू रहनी चाहिए। यदि कोई स्ट्रीट लाइट खरब हो, तो उस दुरूस्त करा लिया जाए।उन्होंने कहा कि जहां भी सीवर और बिजली के लिए खड्डे बनाएं गए हों उसे अच्छे तरीके से बैरिकेडिंग/कवर किया जाए। छोटी से छोटी गलियों के खड्डे को ठीक किया जाए। जहां सीवर के ढक्कन न हो या टूट गए हों उसे तत्काल रिपेयर करा लिया जाए।साथ ही पीडब्ल्यूडी को निर्देशित किया कि जहां भी सड़क चौड़ीकरण का काम चल रहा है वहां के मलबे को तत्काल हटवाना सुनिश्चित कराएं। उन्होंने सभी घाटों के लिए एकीकृत पब्लिक एड्रेस सिस्टम की व्यवस्था विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी घाटों पर सीसीटीवी कैमरे लग जाए और आपातकाल में सायरन की भी व्यवस्था सुनिश्चित रहे।एक कंट्रोल रूम की स्थापना कर ली जाए। बाढ़ या भारी बारिश की स्थिति में नदी में सायरन टेस्ट और हर बोट में लाईफ जैकेट की व्यवस्था सुनिश्चित रहे। उन्होंने कहा कि नाले और नालियों की सफाई हर हाल इस महीने के अंत तक पूरा हो जाना चाहिए। कहा कि रूटीन वर्क के कार्यों में लापरवाही न बरतें। उन्होंने कहा कि सामान्य मानसून के हिसाब से नालों की साफ सफाई संबंधी कार्य योजना मई के अंत तक होनी चाहिए, जून के अंत तक नहीं, इस बात का ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि बाढ़ की स्थिति होने पर पर्याप्त मात्रा में रैन बसेरों की स्थापना और फूड पैकेट के वितरण की व्यवस्था की कार्य योजना पहले से तैयार रखें।
बैठक में नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल, एडीएम (वित्त एवं राजस्व) सदानंद गुप्ता सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
