प्रयागराज मंडल द्वारा GIC लेक्चरर भर्ती परीक्षा के अभ्यर्थियों हेतु चलाई गईं एग्जाम स्पेशल ट्रेनें

Spread the love

प्रयागराज ।   उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग  द्वारा  14 जून को आयोजित राजकीय इंटर कॉलेज (GIC) लेक्चरर भर्ती परीक्षा में सम्मिलित होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल द्वारा विशेष व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की गईं। परीक्षार्थियों की संख्या को देखते हुए आवश्यकतानुसार एग्जाम स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया गया, जिससे उन्हें अपने परीक्षा केंद्रों तक समय पर एवं सुगमता से पहुँचने में सहायता मिली।

मंडल रेल प्रबंधक प्रयागराज रजनीश अग्रवाल के निर्देशन में प्रयागराज जंक्शन, कानपुर सेंट्रल सहित प्रमुख स्टेशनों पर विशेष प्रबंध किए गए। प्लेटफॉर्म, टिकट काउंटर तथा प्रवेश एवं निकास द्वारों पर अतिरिक्त व्यवस्थाएँ कर यात्रियों की आवाजाही को सुचारु बनाया गया। मंडल स्तर पर स्थापित वार रूम से सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से प्रमुख स्टेशनों की निरंतर निगरानी की गई तथा अधिकारियों द्वारा भीड़ एवं यात्री संचालन की स्थिति पर सतत दृष्टि रखी गई।

अभ्यर्थियों की सुरक्षा एवं सहायता के लिए रेलवे सुरक्षा बल (RPF) तथा राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) के जवानों को प्रमुख स्टेशनों पर तैनात किया गया। वाणिज्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने यात्रियों का मार्गदर्शन किया, जबकि हेल्प डेस्क एवं टिकट जांच स्टाफ द्वारा आवश्यक सूचनाएँ उपलब्ध कराई गईं।

भीड़ प्रबंधन को प्रभावी बनाए रखने हेतु पर्याप्त संख्या में स्टाफ की तैनाती की गई तथा सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से यात्रियों को लगातार आवश्यक जानकारी प्रदान की जाती रही। रेलवे प्रशासन का सतत प्रयास है कि परीक्षार्थियों को सुरक्षित, सुविधाजनक एवं तनावमुक्त यात्रा उपलब्ध कराई जा सके, जिससे वे समय पर अपने गंतव्य तक पहुँचकर परीक्षा में सम्मिलित हो सकें।

कानपुर सेंट्रल से संचालित एग्जाम स्पेशल ट्रेनों का विवरण निम्नवत है :

कानपुर सेंट्रल–झाँसी एग्जाम स्पेशल ट्रेन अपराह्न  12:38 बजे प्रस्थान हुई, जिसमें लगभग 1200 यात्री सवार थे।

कानपुर सेंट्रल–प्रयागराज जंक्शन एग्जाम स्पेशल ट्रेन अपराह्न 13:07 बजे प्रस्थान हुई, जिसमें लगभग 1400 यात्री सवार थे।

प्रयागराज मंडल द्वारा किए गए इन विशेष प्रबंधों एवं एग्जाम स्पेशल ट्रेनों के सफल संचालन से हजारों परीक्षार्थियों को लाभ मिला तथा उनकी यात्रा को सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित बनाया जा सका।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *