1206 कर्मचारियों ने मिलकर एक ही दिन में जुटाया 764 किलो प्लास्टिक कचरा
चन्दौली। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में पूरे जनपद में उत्साह का माहौल है। इस ऐतिहासिक अवसर पर 08 जून से 14 जून 2026 तक जिला स्तर पर सात दिवसीय विशेष जन संपर्क और स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार, 13 जून 2026 को जनपद की समस्त ग्राम पंचायतों में स्वच्छता को लेकर एक व्यापक मुहिम देखने को मिली।
शनिवार को चलाए गए इस विशेष अभियान के तहत जनपद की 457 ग्राम पंचायतों की मलिन बस्तियों को लक्षित किया गया। सुबह से ही विभिन्न ग्राम पंचायतों में स्वच्छता कर्मी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण भारी संख्या में इस अभियान का हिस्सा बनने सड़कों और गलियों में उतरे।
इस विशेष स्वच्छता और प्लास्टिक एकत्रीकरण अभियान को सफल बनाने में कुल 1206 कर्मचारियों ने अपनी सक्रिय भूमिका निभाई।
श्रमदान करने वालों में 335 महिला कर्मी और 871 पुरुष कर्मी शामिल रहे। सभी ने मिलकर मलिन बस्तियों के कोने-कोने को साफ किया और नालियों व सार्वजनिक स्थानों की मुस्तैदी से सफाई की।
पर्यावरण संरक्षण और गांव को प्लास्टिक मुक्त बनाने के उद्देश्य से इस अभियान के दौरान ‘प्लास्टिक एकत्रीकरण’ पर विशेष जोर दिया गया। कर्मचारियों और ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से मात्र एक दिन में कुल 764 किलोग्राम सिंगल-यूज प्लास्टिक और अन्य प्लास्टिक कचरा इकट्ठा किया गया। एकत्रित किए गए इस भारी-भरकम प्लास्टिक कचरे को तुरंत सुरक्षित तरीके से निस्तारण के लिए भेजा गया, ताकि पर्यावरण को कोई नुकसान न पहुँचे।
अधिकारियों ने अपील करते हुए कहा “यह अभियान सिर्फ एक हफ्ते का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता को एक संस्कार बनाने का प्रयास है। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर हम अपने गांवों को स्वच्छ और सुंदर बनाकर इस उत्सव को सार्थक कर रहे हैं।
चौदह जून को इस सात दिवसीय विशेष अभियान का समापन होगा, प्रशासन ने अंतिम दिन भी बड़े स्तर पर जागरूकता और जन संपर्क कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी की है।
