*फरियादियों की समस्याओं का समाधान कर विश्वास अर्जित करें अधिकारी : जिलाधिकारी*
वाराणसी / जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित जनता दर्शन के दौरान फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने कहा कि प्राप्त जन शिकायतों का निस्तारण सभी अधिकारियों की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी अधिकारी निर्धारित जनता दर्शन अवधि में अनिवार्य रूप से अपने कार्यालयों में उपस्थित रहें तथा आने वाले फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति अपनी समस्या को लेकर बड़ी उम्मीद के साथ मुख्यालय अथवा सरकारी कार्यालयों तक पहुंचता है। ऐसे में अधिकारियों का दायित्व है कि वे संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ शिकायतों का निस्तारण कर आमजन का विश्वास अर्जित करें।उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में वास्तविकता एवं पारदर्शिता का विशेष ध्यान रखा जाए। जिन प्रकरणों में जांच की आवश्यकता हो, उनमें शीघ्रता के साथ जांच प्रक्रिया पूर्ण कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। जनता दर्शन के दौरान जिलाधिकारी एक-एक फरियादी से व्यक्तिगत रूप से रूबरू हुए तथा उनकी समस्याओं की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने कहा कि राजस्व विभाग सहित सभी विभागीय अधिकारी पूरी संवेदनशीलता एवं मनोयोग से कार्य करें तथा जनसमस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की ढिलाई न बरतें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन को त्वरित न्याय एवं राहत उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
