‘धनबाद। एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत आज दीक्षा महिला मंडल, बीसीसीएल द्वारा जगजीवन नगर स्थित कल्याण भवन (एचआरडी) परिसर में वृक्षारोपण किया गया। इस अवसर पर दीक्षा महिला मंडल की अध्यक्षा श्रीमती अर्चना अग्रवाल, उपाध्यक्षा श्रीमती रंजना सिंह सहित मंडल की अन्य सम्मानित सदस्याओं ने एचआरडी परिसर में विभिन्न प्रजातियों के फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली का संदेश दिया। कार्यक्रम में महाप्रबंधक (खनन/एचआरडी) सुधाकर प्रसाद, मुख्य प्रबंधक (खनन/एचआरडी) राधेश्याम दुबे, रवि कुमार, मुख्य प्रबंधक (मा.सं/प्रशासन) सहित एचआरडी, पर्यावरण विभाग तथा कोयला भवन मुख्यालय के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में श्रीमती अर्चना अग्रवाल ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण में वृद्धि जैसे कार्य हम सभी का नैतिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि वर्त्तमान परिवेश में पर्यावरण असंतुलन एवं जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों से निपटने में वृक्षों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। अतः हम सभी को एक बेहतर भविष्य और आने वाली पीढ़ियों के लिए अधिकाधिक पौधारोपण एवं वृक्षारोपण करना चाहिए जिससे हरित एवं स्वच्छ पर्यावरण के लक्ष्य को प्रभावी ढंग से हासिल किया जा सके। कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता के संकल्प के साथ हुआ।
