सोशल मीडिया पर रिश्वत लेने का वीडियो वायरल होने के मामले में डीएम ने की तत्काल कार्रवाई, राजस्व निरीक्षक निलंबित
सोनभद्र। जिले की चारों तहसीलों में जून महीने के प्रथम शनिवार को ‘‘सम्पूर्ण समाधान दिवस‘‘ का आयोजन किया गया, सम्पूर्ण समाधान दिवस दुद्धी में जिलाधिकारी चर्चित गौड़, अपर पुलिस अधीक्षक ऋषभ रुणवाल (आपरेशन) द्वारा शिकायतकर्ताओं की शिकायतों को सुना गया। सम्पूर्ण समाधान दिवस में भूमि विवाद से सम्बन्धित प्राप्त हुए, मामलों को स्थलीय स्थिति की जॉच करते हुए टीम द्वारा प्रकरणों की स्थलीय जॉच कर निस्तारण कराने के निर्देश सम्बन्धित अधिकारी को दिये।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान भाजपा मण्डल अध्यक्ष दीपक शाह द्वारा जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के समक्ष एक शिकायत प्रस्तुत की गई। शिकायत में अवगत कराया गया कि एक राजस्व निरीक्षक का रिश्वत लेते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से प्रसारित हो रहा है, तथा संबंधित के विरुद्ध अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। जिलाधिकारी शिकायत को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए तत्काल मामले का संज्ञान लिया। प्रथम दृष्टया उपलब्ध तथ्यों के आधार पर सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान ही राजस्व निरीक्षक अखिलेश कुमार शुक्ला को जिलाधिकारी ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर प्रकरण की विस्तृत जांच के निर्देश दिए । इस अवसर पर जिलाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि जनपद में भ्रष्टाचार, अनियमितता एवं कर्तव्यों के प्रति लापरवाही किसी भी दशा में स्वीकार नहीं की जाएगी।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी के समक्ष सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी में महिला चिकित्सक न होने के शिकायत प्राप्त हुई जिस पर जिलाधिकारी ने तात्कालिक प्रभाव से संज्ञान में लेकर डॉ० पल्लवी सिन्हा, महिला चिकित्साधिकारी सामु0 स्वा० केन्द्र, म्योरपुर को सप्ताह में दो दिन के लिए सामु0 स्वा० केन्द्र, दुद्धी पर कार्य करने हेतु आदेशित किए।
इस दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि शिकायतों के निस्तारण के बाद शिकायतकर्ताओं का फीडबैक लेते हुए शिकायतों का निस्तारण किया जाये, जिससे कि शिकायतकर्ता को किसी प्रकार की समस्या न हो और उनके प्रकरण का निस्तारण समय से किया जा सके। उन्होने कहा कि प्रत्येक प्रकरण को गम्भीरता से लेकर जॉच कर निस्तारण आख्या प्रस्तुत की जाये।
राबर्ट्सगंज में उप जिलाधिकारी अश्विनी कुमार की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ, इस मौके पर तहसील में आये शिकायतकर्ताओं की शिकायतों का निस्तारण किया गया, तहसीलदार सदर अमित कुमार आदि ने 35 शिकायतें सुनते हुए, मौके पर ही 04 मामले निस्तारित किये गये, बाकी 31 प्रकरणों को समयबद्ध तरीके से निस्तारित करने के निर्देश सम्बन्धित को दिये गये।ओबरा का आयोजन अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 वागीश कुमार शुक्ला की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ, उप जिलाधिकारी ओबरा विवेक कुमार सिंह, तहसीलदार ने शिकायतकर्ता के माध्यम से प्राप्त प्रार्थना-पत्रों का निस्तारण किया गया, शुक्ला ने प्रकरणों का निस्तारण कराते हुए संबंधित को निर्देशित भी किया गया कि इसमें किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाये, अवशेष मामलों को गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध तरीके से निस्तारण के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया गया। उप जिलाधिकारी ओबरा विवेक कुमार सिंह व तहसीलदार ओबरा आदि ने 108 शिकायतों को सुनते हुए मौके पर ही 09 मामले निस्तारित किये गये, 03 टीम क्षेत्र में भेज कर टीम द्वारा 03 निस्तारण किया गया, इस प्रकार तहसील दिवस ओबरा में कुल 12 मामले निस्तारित हुए, बाकी 96 प्रकरणों को समयबद्ध तरीके से निस्तारित करने के निर्देश सम्बन्धित को दिये गये।
सम्पूर्ण समाधान दिवस घोरावल का आयोजन उप जिलाधिकारी आशीष कुमार त्रिपाठी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ, इस मौके पर तहसील दिवस में आये शिकायतकर्ताओं की शिकायतों का निस्तारण किया गया अवशेष मामलों को गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध तरीके से निस्तारण के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया गया। तहसीलदार घोरावल आदि ने 86 शिकायतें सुनते हुए, मौके पर ही 06 मामले निस्तारित किये गये और बाकी 80 प्रार्थना पत्रों को समयबद्ध और गुणवत्ता पूर्ण निस्तारण के लिए निर्देश सम्बन्धित को दिया।
