खेत बचाओ अभियान : विश्व पर्यावरण दिवस पर किसान प्रशिक्षण एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित

Spread the love

चंदौली। “खेत बचाओ अभियान – स्वस्थ मिट्टी, सशक्त किसान, समर्थ भारत” तथा विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर “एक पेड़ मां के नाम” वृहद वृक्षारोपण अभियान के अंतर्गत ग्राम मसौई, विकास खंड साहबगंज, जनपद चंदौली में आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, कुमारगंज, अयोध्या द्वारा संचालित कृषि विज्ञान केंद्र, चंदौली एवं जिला उद्यान विभाग, चंदौली के संयुक्त तत्वावधान में किसान प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लगभग 100 महिला एवं पुरुष कृषकों ने प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कृषि विज्ञान केंद्र, चंदौली के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं अध्यक्ष डॉ. नरेंद्र रघुवंशी ने की। उन्होंने किसानों को मृदा स्वास्थ्य संरक्षण, संतुलित उर्वरक प्रयोग, जैविक एवं प्राकृतिक खेती तथा मृदा उर्वरता बढ़ाने के विभिन्न उपायों की विस्तृत जानकारी प्रदान की।केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अभयदीप गौतम ने कृषकों को धान बीज शोधन की विधि, प्रमाणित बीज की उपलब्धता, धान की नर्सरी प्रबंधन तथा धान में लगने वाले प्रमुख रोगों एवं उनके नियंत्रण उपायों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. चंदन सिंह ने मृदा परीक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए किसानों को बताया कि मृदा की जांच कब, क्यों एवं कैसे करानी चाहिए तथा उसके आधार पर उर्वरकों का प्रयोग कैसे किया जाए।

उद्यान वैज्ञानिक मनीष सिंह ने विश्व पर्यावरण दिवस के महत्व, वृक्षारोपण की आवश्यकता, फलदार पौधों के रोपण की उपयुक्त विधि, गड्ढों की तैयारी एवं खाद प्रबंधन के विषय में किसानों को जागरूक किया। इस अवसर पर जिला उद्यान अधिकारी शैलेंद्र दुबे भी उपस्थित रहे। उन्होंने किसानों को उद्यान विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं, पौधारोपण कार्यक्रमों तथा सब्जी उत्पादन की उन्नत तकनीकों की जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया गया तथा पर्यावरण संरक्षण एवं मृदा स्वास्थ्य संवर्धन का संकल्प लिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *