कोयला नगर में बीसीसीएल द्वारा ग्रीन कुकिंग एवं ईको-फ्रेंडली फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता का आयोजन

Spread the love

धनबाद। विश्व पर्यावरण दिवस – 2026 के उपलक्ष्य में बीसीसीएल द्वारा आयोजित सप्ताहव्यापी कार्यक्रमों के अंतर्गत आज जुबली हॉल, कोयला नगर में कंपनी में कार्यरत कार्मिकों के जीवनसाथियों एवं बच्चों के लिए ग्रीन कुकिंग तथा  ईको-फ्रेंडली फैंसी ड्रेसप्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, संसाधनों के सतत उपयोग तथा जन-जागरूकता को बढ़ावा देना रहा।

कार्यक्रम दो सत्रों में संपन्न हुए। प्रथम सत्र में ग्रीन कुकिंग कांटेस्ट (बिना ईंधन के व्यंजन निर्माण) आयोजित किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने बिना गैस, चूल्हा, हीटर, इंडक्शन अथवा अन्य पारंपरिक/जीवाश्म अथवा गैर-नवीकरणीय ऊर्जा स्रोतों का उपयोग किए सलाद, सैंडविच, स्प्राउट-बीन्स चाट, मिल्क शेक, स्मूदी आदि पौष्टिक एवं स्वादिष्ट व्यंजन तैयार किए और सीमित संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग तथा पर्यावरण-अनुकूल जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। द्वितीय सत्र में बच्चों के लिए ईको-फ्रेंडली फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें प्रतिभागियों ने रिड्यूस, रीयूज़ और रीसायकल की अवधारणा पर आधारित परिधानों का प्रदर्शन किया। बच्चों ने पुराने समाचार-पत्रों, गत्ते तथा अन्य पुनर्चक्रण योग्य सामग्रियों से निर्मित आकर्षक वेशभूषा धारण कर पर्यावरण संरक्षण, प्लास्टिक-मुक्त धरती, जैव विविधता संरक्षण तथा सतत विकास का संदेश दिया। उनकी रचनात्मक प्रस्तुतियों ने उपस्थित दर्शकों को पर्यावरण-अनुकूल व्यवहार अपनाने हेतु प्रेरित किया।

कार्यक्रम में विभागाध्यक्ष (अधिकारी स्थापना) श्रीमती शोभा जे. कुजूर तथा वरीय प्रबंधक (मा.सं/अधिकारी स्थापना) श्रीमती गार्गी मुखोपाध्याय निर्णायक मंडल के सदस्य के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने प्रतिभागियों द्वारा तैयार किए गए व्यंजनों एवं बच्चों की प्रस्तुतियों का मूल्यांकन करते हुए उनकी रचनात्मकता, पर्यावरणीय संदेश तथा विषय-वस्तु की सराहना की। इस अवसर पर पर्यावरण विभाग की सुश्री मारिया एहसान, सुश्री वैशाली सिंह, श्रीमती प्रीति झिरवाल एवं श्री चिराग चोपड़ा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।उल्लेखनीय है कि विश्व पर्यावरण दिवस – 2026 के अवसर पर बीसीसीएल द्वारा 01 जून से 05 जून तक विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, जिनका समापन 05 जून को आयोजित मुख्य समारोह एवं पुरस्कार वितरण कार्यक्रम के साथ होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *