कर्मचारियों, आश्रितों एवं आमजन को आधार सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल*
राँची।सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड मुख्यालय, दरभंगा हाउस, रांची स्थित गंगोत्री कन्वेंशन सेंटर में आज तीन दिवसीय आधार नामांकन एवं अद्यतन शिविर का शुभारंभ किया गया। शिविर का विधिवत उद्घाटन संजय कुमार ठाकुर, महाप्रबंधक (मानव संसाधन/कल्याण), सीसीएल द्वारा किया गया।
इस अवसर पर आदिल हुसैन, प्रबंधक (खेल),सहित बड़ी संख्या में कर्मी एवं उनके परिजन उपस्थित रहे।
यह विशेष शिविर 2 जून, 2026 से 4 जून, 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। शिविर में आधार नामांकन एवं अद्यतन की सुविधा तीन आयु वर्गों- 0 से 5 वर्ष, 5 से 18 वर्ष तथा 18 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्तियों के लिए उपलब्ध कराई गई है, जिससे कर्मचारियों एवं उनके आश्रितों को एक ही स्थान पर आधार संबंधी आवश्यक सेवाएं प्राप्त हो सकें।
शिविर के प्रथम दिन लोगों में उत्साहजनक सहभागिता देखने को मिली। बड़ी संख्या में लाभार्थी आधार नामांकन एवं अद्यतन कराने के लिए शिविर में पहुंचे। पहले ही दिन लगभग 40 व्यक्तियों का आधार नामांकन एवं अद्यतन कार्य सफलतापूर्वक संपन्न किया गया।
आधार सेवाओं के लिए शिविर में लोगों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही तथा लाभार्थियों ने इस पहल की सराहना करते हुए संतोष एवं प्रसन्नता व्यक्त की। सीसीएल द्वारा कर्मचारियों एवं उनके आश्रितों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आयोजित यह विशेष शिविर आधार संबंधी सेवाओं को सुगम, सुलभ एवं समयबद्ध बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
सीसीएल अपने कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों के कल्याण हेतु समय-समय पर ऐसी जनोपयोगी एवं सुविधापरक पहलें करता रहा है, जिससे आवश्यक सेवाएं उनके निकट उपलब्ध कराई जा सकें तथा उनकी दैनिक आवश्यकताओं का सरल समाधान सुनिश्चित हो सके।
