जिलाधिकारी ने की संभावित बाढ़ एवं सूखा राहत से संबंधित तैयारियों की समीक्षा

Spread the love

 सोनभद्र। जनपद में संभावित बाढ़ एवं सूखा राहत से संबंधित तैयारियों की समीक्षा हेतु जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि आपदा से पूर्व सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली जाएं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में जन-धन की हानि को न्यूनतम किया जा सके।

उन्होंने अधिशासी अभियंता सिंचाई विभाग एवं जिला पंचायत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन गांवों में प्रतिवर्ष बाढ़ की आशंका बनी रहती है, वहां विशेष राहत एवं पुनर्वास संबंधी जानकारी उपलब्ध कराई जाए। साथ ही ग्राम स्तर पर जनजागरूकता अभियान चलाकर लोगों को सतर्क एवं सजग बनाया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि तालाबों, पोखरों, बंधियों तथा अन्य जलाशयों में डूबने की घटनाओं को रोकने के लिए संवेदनशील स्थलों पर चेतावनी संबंधी साइनेज बोर्ड तत्काल लगाए जाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि यदि निरीक्षण के दौरान ऐसे स्थलों पर साइनेज बोर्ड नहीं पाए गए तो संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय करते हुए कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार बाढ़ से पूर्व सभी विभाग अपनी तैयारियां पूरी कर लें तथा राहत एवं बचाव कार्यों के लिए आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करें। बाढ़ प्रभावित एवं संवेदनशील गांवों के व्हाट्सएप समूह बनाकर त्वरित सूचना तंत्र विकसित किया जाए, जिससे किसी भी आपदा की स्थिति में तत्काल सूचना का आदान-प्रदान हो सके। जिलाधिकारी ने विद्यालयों में विद्यार्थियों को आपदा प्रबंधन एवं बाढ़ से बचाव के उपायों की जानकारी देने के निर्देश भी दिए, ताकि समाज में जागरूकता का व्यापक प्रसार हो सके।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) वागीश कुमार शुक्ला, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. पंकज राय, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी अजय कुमार मिश्रा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *