एम.सी.एल. ने अंगुल जिले में सामुदायिक विकास परियोजनाओं हेतु ₹3.93 करोड़ के एमओयू पर किए हस्ताक्षर

Spread the love

संबलपुर । महानदी कोलफील्ड्स लिमिटेड (एम.सी.एल.) ने अपनी सी.एस.आर पहल के अंतर्गत अंगुल जिला प्रशासन के साथ सामुदायिक विकास एवं आधारभूत संरचना परियोजनाओं के क्रियान्वयन हेतु 03 समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं।इन पहलों का उद्देश्य सतत आजीविका को बढ़ावा देना, नागरिक आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करना तथा अंगुल जिले के स्थानीय समुदायों के लिए बेहतर आवागमन सुनिश्चित करना है।

प्रथम एमओयू के अंतर्गत, एमसीएल द्वारा अंगुल जिले के तैंसी, बगेड़िया एवं बंतला गांवों में एरोमा क्लस्टर के गठन हेतु ₹31.56 लाख की वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी। इस पहल से किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) के अंतर्गत पंजीकृत लगभग 2,200 किसान लाभान्वित होंगे। परियोजना में सुगंधित फसलों की खेती को प्रोत्साहन, आसवन इकाइयों की स्थापना, कौशल विकास, महिला-नेतृत्व आधारित आजीविका गतिविधियों तथा सतत कृषि पद्धतियों को अपनाने पर विशेष बल दिया जायेगा। वहीं, जिले में नागरिक आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करने हेतु किए गए एमओयू के अंतर्गत, एमसीएल द्वारा अंगुल जिले के धउरागोठ गांव में सड़क एवं क्रॉस-ड्रेनेज कार्यों के निर्माण के लिए ₹2.61 करोड़ प्रदान किए जाएंगे। इस परियोजना से 109 पुनर्वासित परिवारों को बेहतर आवागमन एवं नागरिक सुविधाओं का लाभ मिलेगा।

इसी प्रकार, तालचेर नगरपालिका क्षेत्र के अंतर्गत जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ करने एवं सार्वजनिक आधारभूत संरचना में सुधार हेतु छह विकास परियोजनाओं के क्रियान्वयन के लिए एमसीएल द्वारा अपनी सीएसआर पहल के अंतर्गत ₹1 करोड़ की राशि उपलब्ध कराई जाएगी।इन पहलों से क्षेत्र में नागरिक सुविधाओं, संपर्क व्यवस्था, स्वच्छता एवं जल निकासी अवसंरचना में उल्लेखनीय सुधार तथा स्थानीय समुदायों के जीवन स्तर में सकारात्मक वृद्धि होगी। इन विकासात्मक पहलों के माध्यम से एम.सी.एल. अपने परिचालन क्षेत्रों में समावेशी विकास, सतत प्रगति तथा सामाजिक-आर्थिक उत्थान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को निरंतर सुदृढ़ कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *