धनबाद। दीक्षा महिला मंडल, बीसीसीएल द्वारा अपनी सामाजिक एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों के अंतर्गत आज नेहरू कॉम्प्लेक्स, कोयला नगर तथा प्रगति हॉस्पिटल के निकट, सरायढेला में दो नई पनशालाओं का उद्घाटन किया गया। जिले में जारी भीषण गर्मी एवं तापमान को देखते हुए राहगीरों एवं स्थानीय नागरिकों को स्वच्छ, शीतल एवं निर्मल पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इन पनशालाओं की शुरुआत की गई है। पनशालाओं का उद्घाटन दीक्षा महिला मंडल अध्यक्ष, श्रीमती अर्चना अग्रवाल ने किया। इस अवसर पर मंडल की उपाध्यक्ष श्रीमती पूर्बिता रमैया, श्रीमती रंजना सिंह एवं श्रीमती नीता कुमार सहित दीक्षा महिला मंडल की सभी सम्मानित सदस्याएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के दौरान महिला मंडल की सदस्याओं ने स्थानीय निवासियों एवं राहगीरों के बीच छाछ, फल एवं गमछों का वितरण कर उन्हें गर्मी से राहत प्रदान करने का प्रयास किया।
इस अवसर पर अपने संबोधन में श्रीमती अर्चना अग्रवाल ने कहा कि दीक्षा महिला मंडल सदैव समाज के प्रत्येक वर्ग तक सहायता एवं सेवा पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध रहा है। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के दौरान आमजन को राहत प्रदान करना हम सभी का नैतिक एवं सामाजिक दायित्व है। इसी उद्देश्य के साथ इन पनशालाओं की शुरुआत की गई है, ताकि राहगीरों एवं स्थानीय नागरिकों को शीतल एवं स्वच्छ पेयजल सहज रूप से उपलब्ध हो सके। दीक्षा महिला मंडल द्वारा विगत एक माह में यह तीसरी पनशाला प्रारंभ की गई है। इससे पूर्व 15 मई को सीएमडी, बीसीसीएल आवास के समीप एक पनशाला की शुरुआत की गई थी, जहाँ प्रतिदिन स्थानीय नागरिकों एवं राहगीरों को निर्मल एवं शीतल पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि दीक्षा महिला मंडल शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण एवं जनकल्याण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के जरूरतमंद एवं वंचित वर्गों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने हेतु निरंतर कार्यरत है।
