बोकारो । स्टील प्लांट (बीएसएल) के क्रीड़ा विभाग द्वारा आयोजित ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविरों में बच्चों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिल रही है. विभिन्न खेल विधाओं में प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए बड़ी संख्या में बच्चे प्रशिक्षण शिविरों में शामिल हो रहे हैं. खेल प्रशिक्षण शिविर का आयोजन सुबह 6:00 बजे से 8:00 बजे के बीच किया जा रहा है.
22 मई को आयोजित प्रशिक्षण सत्र में फुटबॉल, क्रिकेट, हैंडबॉल, बास्केटबॉल, हॉकी एवं वॉलीबॉल खेलों में कुल 305 बच्चों ने भाग लिया. फुटबॉल प्रशिक्षण में 65 प्रतिभागी शामिल हुए. क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित क्रिकेट प्रशिक्षण शिविरों में सर्वाधिक 104 खिलाड़ियों ने भागीदारी दर्ज कराई. इसी प्रकार हैंडबॉल प्रशिक्षण में 36, बास्केटबॉल में 52, हॉकी में 22 तथा वॉलीबॉल प्रशिक्षण शिविर में 26 बच्चों ने हिस्सा लिया. बास्केटबॉल का प्रशिक्षण स्टील क्लब सेक्टर-3 में, जबकि वॉलीबॉल प्रशिक्षण शिविर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, सेक्टर-4 में आयोजित किया गया. प्रशिक्षण शिविरों में बच्चों को खेल की तकनीक एवं फिटनेस के साथ-साथ अनुशासन एवं टीम भावना के बारे में जानकारी दी जा रही है. अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा प्रतिभागियों को व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है, जिससे उनकी खेल प्रतिभा को निखारने में सहायता मिल रही है.
ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर का उद्देश्य बच्चों एवं युवाओं को खेल के प्रति प्रोत्साहित करना तथा उन्हें राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है. यह शिविर खिलाड़ियों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ-साथ स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है. बोकारो स्टील प्लांट के खेल एवं नागरिक सुविधाएं विभाग के तत्वावधान में ग्रीष्मकालीन क्रीड़ा प्रशिक्षण शिविर 2 जून तक आयोजित किया जाएगा.
