ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड के 52 कर्मचारियों को अधिकारी संवर्ग में पदोन्नति

Spread the love

संक्टोरिया । ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड द्वारा 52 कर्मचारियों को सम्मानित करने हेतु एक अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया, जिन्होंने विभागीय परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण कर अधिकारी संवर्ग में पदोन्नति प्राप्त की। इस कार्यक्रम में सतीश झा, अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक, मो. अंजर आलम, निदेशक (वित्त),  गुंजन कुमार सिन्हा, निदेशक (मानव संसाधन) तथा  गिरीश गोपीनाथन नायर, निदेशक (तकनीकी) सहित विभिन्न विभागाध्यक्षों एवं अन्य कर्मचारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। प्रबंधन ने नव-पदोन्नत कर्मचारियों को उनकी कड़ी मेहनत, समर्पण एवं उपलब्धि के लिए बधाई दी।

सभा को संबोधित करते हुए अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक एवं निदेशकों ने अपने बहुमूल्य अनुभव साझा किए तथा पदोन्नत कर्मचारियों को उनके भावी व्यावसायिक जीवन एवं कंपनी में नेतृत्व संबंधी दायित्वों के निर्वहन हेतु मार्गदर्शन एवं सलाह प्रदान की।

पदोन्नत कर्मचारियों ने ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की तथा कंपनी द्वारा प्रदान किए गए विकास एवं करियर उन्नति के अवसरों के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए प्रबंधन के निरंतर सहयोग एवं प्रोत्साहन के प्रति आभार प्रकट किया। कार्यक्रम के दौरान सभी पदोन्नत कर्मचारियों को अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक एवं निदेशकों द्वारा सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का सफल समन्वय एवं संचालन  दिब्यज्योती घोष, विभागाध्यक्ष (नियोजन एवं भर्ती) द्वारा किया गया तथा धन्यवाद ज्ञापन  अबीर मुखोपाध्याय, विभागाध्यक्ष (प्रशासन) द्वारा प्रस्तुत किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *