एनसीएल का ‘आरोहण’ छुट्टियों में स्थानीय बच्चों को बना रहा हुनरमंद
सोनभद्र, सिंगरौली। गुरुवार को सिंगरौली स्थित कोल इंडिया की अनुषंगी कंपनी नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) में समर कैंप “आरोहण” के 7वें संस्करण का शुभारंभ हुआ। यह समर कैंप एनसीएल मुख्यालय सहित सभी परियोजनाओं एवं इकाइयों में 21 मई से 10 जून, 2026 तक आयोजित किया जा रहा है जिसमें 7 से 14 वर्ष की आयु के बच्चे भाग ले रहे हैं।
आरोहण समर कैंप के दौरान योग्य प्रशिक्षकों द्वारा प्रतिभागियों को विभिन्न खेल-कूद विधाओं – बैडमिंटन, टेबल-टेनिस, क्रिकेट, वालीबॉल, तैराकी, बॉक्सिंग, एथलेटिक्स, जूडो, कराटे, फुटबॉल, संगीत (गायन-वादन), नृत्य, ड्रॉइंग, पेंटिंग इत्यादि में पारंगत किया जाएगा।
इस वर्ष “आरोहण” समर कैंप के माध्यम से कुल 4,718 बच्चों और युवाओं को लाभ मिलेगा,जो पिछले वर्ष (4539) की तुलना में 4% अधिक है। इनमें एनसीएल के 2,149 और गैर-एनसीएल क्षेत्र के 2,569 बच्चे शामिल हैं।
एनसीएल मुख्यालय में शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान महाप्रबंधक (मानव संसाधन), राजेश त्रिवेदी, एनसीएल स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड मेंबर्स सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी, मुख्यालय जेसीसी सदस्य तथा बड़ी संख्या में प्रतिभागी और उनके अभिभावक गण उपस्थित रहे।
गौरतलब है कि एनसीएल द्वारा वर्ष 2018 से बच्चों एवं युवाओं को खेल-कूद एवं मस्ती के साथ साथ रचनात्मकता एवं पर्सनैलिटी डेवलपमेंट करने के उद्देश्य से “आरोहण” समर कैंप की शुरुआत की गई। वर्तमान डिजिटल युग में, जहाँ बच्चे अक्सर घरों में मोबाइल और टीवी स्क्रीन तक सीमित होकर रह जाते हैं ऐसे में “आरोहण” समर कैंप बच्चों और युवाओं के सर्वांगीण विकास के साथ–साथ उनकी क्रिएटिविटी को जगाने का एक मंच भी है।
