इंद्रावती पार कर पहुँची स्वास्थ्य टीम 642 ग्रामीणों का स्वास्थ्य किया परीक्षण

Spread the love

*अत्यंत दुर्गम और अंदरूनी गाँवों में जगी बेहतर स्वास्थ्य की नई उम्मीद*

रायपुर। बीजापुर जिले के भैरमगढ़ विकासखंड के अत्यंत दुर्गम और अंदरूनी क्षेत्र नूगुर में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कठिन परिस्थितियों के बीच पहुँचकर ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराईं। कलेक्टर विश्वदीप के मार्गदर्शन और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के नेतृत्व में आयोजित यूनिवर्सल हेल्थ स्क्रीनिंग शिविर ने दूरस्थ गाँवों में स्वास्थ्य जागरूकता की नई उम्मीद जगाई है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने नूगुर, हिंगमेटा और हुर्रागवाली गाँवों में शिविर लगाकर कुल 642 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। इस दौरान मरीजों को आवश्यक दवाइयाँ निःशुल्क दी गईं और गंभीर मरीजों को आगे के उपचार के लिए उच्च स्वास्थ्य केंद्रों में जाने की सलाह दी गई।

*इंद्रावती नदी पार कर पहुँचीं स्वास्थ्य सेवाएँ*

 उप स्वास्थ्य केंद्र, नूगुर विकासखंड मुख्यालय से लगभग 90 किलोमीटर दूर स्थित है। यहाँ पहुँचने के लिए स्वास्थ्य टीम को करीब 2 किलोमीटर चौड़ी इंद्रावती नदी को पार करना पड़ता है। लंबे समय तक यह इलाका नक्सल प्रभाव और दुर्गम परिस्थितियों के कारण सरकारी योजनाओं की पहुँच से दूर रहा, लेकिन अब शासन की योजनाएँ धीरे-धीरे इन गाँवों तक पहुँच रही हैं। स्वास्थ्य टीम ने कठिन रास्तों और भौगोलिक चुनौतियों के बावजूद ग्रामीणों तक पहुँचकर यह साबित कर दिया है कि शासन की स्वास्थ्य सेवाएँ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने के लिए लगातार ईमानदार प्रयास किए जा रहे हैं। स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि पहले ग्रामीण स्वास्थ्य जाँच और बच्चों के टीकाकरण से बचते थे, लेकिन अब जमीनी स्तर पर स्थिति बदल रही है। ग्रामीण अब स्वयं आगे आकर स्वास्थ्य परीक्षण करा रहे हैं और बच्चों का नियमित टीकाकरण भी करवा रहे हैं। इससे गाँवों में स्वास्थ्य के प्रति न केवल जागरूकता बढ़ी है, बल्कि लोगों के जीवन स्तर में भी सकारात्मक बदलाव दिखाई दे रहा है।

स्वास्थ्य विभाग का यह प्रयास केवल इलाज तक सीमित नहीं है, बल्कि यह दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति विश्वास, स्वास्थ्य चेतना और एक बेहतर भविष्य की उम्मीद भी जगा रहा है। इन दुर्गम इलाकों तक नियमित स्वास्थ्य सेवाएँ पहुँचने से अब स्थानीय ग्रामीणों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ मिलने लगा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *