प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज मण्डल की महिला कल्याण समिति द्वारा 19 मई को वाल वाटिका स्कूल में बच्चों के लिए विशेष समर कैंप का आयोजन किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य बच्चों की ग्रीष्मावकाश अवधि को रचनात्मक, शिक्षाप्रद एवं मनोरंजक गतिविधियों से समृद्ध बनाना रहा। समर कैंप का शुभारम्भ महिला कल्याण समिति की अध्यक्षा श्रीमती वंदना अग्रवाल द्वारा किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए पाठ्यक्रम के साथ-साथ रचनात्मक गतिविधियाँ भी अत्यंत आवश्यक हैं। ऐसे आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन एवं टीम भावना के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कैंप के दौरान बच्चों के लिए चित्रकला, नृत्य, संगीत, योग, खेलकूद, हस्तकला एवं विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया। बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। आयोजन के दौरान बच्चों के लिए प्रेरणादायक एवं मनोरंजक सत्र भी आयोजित किए गए, जिससे उनमें नई ऊर्जा एवं उत्साह का संचार हुआ।
इस अवसर पर महिला कल्याण समिति की उपाध्यक्षा श्रीमती गुलशन वारिस, उपाध्यक्षा श्रीमती प्रज्ञा दीपक कुमार, सचिव निहारिका सिंह, कोषाध्यक्षा अनुश्री सहित समिति की अन्य सदस्यगण उपस्थित रहीं। सभी सदस्यों ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समर कैंप के आयोजन से रेलकर्मियों एवं उनके परिवारों में विशेष उत्साह देखा गया। महिला कल्याण समिति द्वारा भविष्य में भी बच्चों एवं परिवारों के कल्याण हेतु ऐसे सामाजिक एवं रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जाने की बात कही गई ।
