एनटीपीसी औरैया परियोजना में ‘बालिका सशक्तिकरण अभियान 2026’ का भव्य एवं प्रेरणादायक शुभारम्भ

Spread the love

“सपनों को उड़ान, आत्मविश्वास को पहचान : बालिकाओं के उज्ज्वल भविष्य की ओर एक सशक्त कदम”

औरैया। एनटीपीसी औरैया परियोजना में कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सी.एस.आर.) नीति के अंतर्गत बालिका सशक्तिकरण अभियान (Girl Empowerment Mission – GEM) 2026 का शुभारम्भ अत्यंत गरिमामय एवं प्रेरणादायक वातावरण में सम्पन्न हुआ। यह अभियान बालिकाओं को शिक्षा, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं जीवन-कौशल से सशक्त बनाकर उनके उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला रखने का एक अभिनव प्रयास है।

क्षेत्रीय कार्यकारी निदेशक, उत्तरी क्षेत्र मुख्यालय,  दिवाकर कौशिक एवं अध्यक्षा, उत्तरा क्लब, श्रीमती सीमा कौशिक, परियोजना प्रमुख, एनटीपीसी औरैया,  शुभाशीष गुहा, अध्यक्षा, जागृति महिला मंडल, श्रीमती मंजरी गुहा एवं उपस्थित अपर महाप्रबंधकगण द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर GEM, 2026 कार्यशाला का विधिवत् शुभारम्भ किया गया। इस अवसर पर मंच पर उपस्थित गणमान्य अतिथियों की प्रेरणादायक उपस्थिति ने प्रतिभागी बालिकाओं के उत्साह एवं आत्मविश्वास को नई ऊर्जा प्रदान की।

“हर बेटी में छिपी है असीम संभावनाएँ”

अपने प्रेरक उद्बोधन में परियोजना प्रमुख, श शुभाशीष गुहा ने बालिकाओं को संबोधित करते हुए कहा“ आप सभी बच्चियों में अद्भुत प्रतिभाएँ एवं असीम क्षमताएँ निहित हैं। आवश्यकता केवल उन्हें पहचानने और अपने लक्ष्य की दिशा में निरंतर प्रयासरत रहने की है। यह अभियान आपके आत्मविश्वास को नई दिशा देगा और आपको अपने सपनों को साकार करने की शक्ति प्रदान करेगा।” उन्होंने बताया कि यह पूर्णतः निःशुल्क आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम 17 मई 2026 से 14 जून 2026 तक आयोजित किया जाएगा, जिसमें इस वर्ष परियोजना प्रभावित गाँवों के 11 सरकारी विद्यालयों से चयनित 70 बालिकाएँ भाग ले रही हैं।

“हौसलों के पंख फैलाइए, सफलता आपका इंतजार कर रही है”

समारोह के मुख्य अतिथि  दिवाकर कौशिक, क्षेत्रीय कार्यकारी निदेशक, उत्तरी क्षेत्र मुख्यालय ने बालिकाओं को प्रेरित करते हुए कहा “अपने सपनों को सीमित मत कीजिए। इतना परिश्रम कीजिए कि सफलता का आकाश आपके लिए छोटा पड़ जाए। शिक्षा और आत्मविश्वास ही आपके जीवन की सबसे बड़ी शक्ति हैं।” इस दौरान बाल भवन, ज्ञानदीप साक्षरता के बच्चों एवं GEM की पूर्व छात्राओं द्वारा विविध मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किये गये, जिसे उपस्थित सभी अतिथियों एवं अभिभावकों ने खूब सराहा। इस अवसर पर मुख्य अतिथियों द्वारा प्रतिभागी 70 बालिकाओं को स्कूल किट वितरित किए गए, जिससे बालिकाओं में विशेष उत्साह एवं प्रसन्नता देखी गई। साथ ही 15 दिनों के टाई और डाई बाटिक प्रशिक्षण प्राप्त कन्याओं एवं महिलाओं के साथ-साथ ऊषा सिलाई सेंटर के माध्यम से प्रशिक्षण प्राप्त कन्याओं एवं महिलाओं को प्रमाण-पत्र भी वितरित किये गये। साथ ही एनटीपीसी टाउनशिप परिसर में स्थित सेंट जोसेफ सिनीयर सेकेंडरी स्कूल के 10वीं के मेधावी छात्र विहान पांडेय, सुपुत्र श्री विपिन पाँडेय, उप महाप्रबंधक एनटीपीसी औरैया, को 10वीं की बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट अंकों से उत्तीर्ण करने हेतु एनटीपीसी की नीति के अनुसार मुख्य अतिथियों द्वारा 10,000 कैश अवार्ड एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किये गये। इस गरिमामय समारोह में कार्यक्रम के मुख्य अतिथियों के साथ-साथ परियोजना प्रमुख, एनटीपीसी औरैया, अध्यक्षा जागृति महिला मंडल, अपर महाप्रबंधकगण, विभागाध्यक्षगण, जागृति महिला मंडल की समिति सदस्याएँ, स्किल एरा टेक प्राइवेट लिमिटेड से पधारी GEM फैकल्टीस, प्रतिभागी 70 बालिकाएँ एवं उनके अभिभावकगण उपस्थित रहे।

बालिका सशक्तिकरण की दिशा में एक सशक्त संकल्प: “जब बेटियाँ सशक्त होंगी, तभी राष्ट्र समृद्ध होगा”

एनटीपीसी औरैया का बालिका सशक्तिकरण अभियान (GEM) केवल एक प्रशिक्षण कार्यक्रम नहीं, बल्कि बालिकाओं के आत्मविश्वास, शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य को साकार करने का सशक्त माध्यम है। यह पहल समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने तथा आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है।

“सपनों को पंख देना ही सच्चा सशक्तिकरण है।” “हर बालिका में छिपी है एक नई संभावना, उसे पहचानना और आगे बढ़ाना हमारा दायित्व है।” इसके साथ-साथ बायो डाइवरसिटी पार्क एवं उत्सव क्लब के लोगो का उद्घाटन क्षेत्रीय कार्यकारी निदेशक उत्तरी क्षेत्र मुख्यालय, दिवाकर कौशिक एवं अध्यक्षा उत्तरा क्लब, श्रीमती सीमा कौशिक के कर-कमलों द्वारा किया गया। पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए गणमान्य अतिथियों द्वारा पौधारोपण भी किये गये।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *