महुली चौराहे पर रोड क्रास कर रहा था बाइक सवार
अहरौरा, मिर्जापुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के वाराणसी शक्ति नगर रोड पर स्थित महुली चौराहा पर रविवार को सुबह लगभग दस बजे सड़क पार कर रहे बाइक सवार को सोनभद्र की तरफ से वाराणसी जा रही तेज रफ्तार ट्रेलर ट्रक ने कुचल दिया जिससे बाइक पर बैठे पति पत्नी दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के भाई शिवपूजन की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर शव को अंत्य परीक्षण के लिए भेज दिया। बताया जाता है की साथ में मृतक की बड़ी लड़की ममता भी बैठी थी जो घटना के समय दूर फेंका गई और बाल बाल बच गई ।

जानकारी के अनुसार स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्राम सरिया निवासी गौतम हरिजन 35 वर्ष पुत्र दुक्खु अपनी पत्नी फुलादेवी 32 वर्ष और बच्चों के साथ क्षेत्र के ही लालपुर गांव में किसी मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने गया था और वहां से रविवार को सुबह बाइक से वापस घर लौट रहा था साथ में गौतम की बेटी ममता 17 वर्ष भी बैठी थी अहरौरा पहुंचने के बाद जैसे ही महुली चौराहे से अपने गांव सरिया की तरफ गौतम मुड़ा सोनभद्र से वाराणसी की तरफ जा रही तेज रफ्तार ट्रेलर ने सवार को कुचल दिया। जिससे गौतम तथा उसकी पत्नी फूला देवी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई वही साथ में बैठी बड़ी बेटी ममता 17 वर्ष ट्रक के धक्के से दूर जा गिरी और बाल बाल बच गई।
घटना के बाद मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई और घटना स्थल से लगभग दो किलोमीटर दूर सरिया गांव से परिजन और ग्रामीण भी पहुंच गए घटना के बाद मौके पर पहुंचे प्रभारी थाना चौकी प्रभारी नगर आशीष कुमार सिंह ने शव को उठवा कर थाने पहुंचवाया और आधा घंटे से अधिक समय तक अवरुद्ध आवागमन को चालू कराया। थाने पर पहुंचे मृतक के परिजनों का रो रो कर बुरा हाल हो रहा था। सड़क दुर्घटना में मृत गौतम को चार बच्चे थे बताया जाता है की एक लड़के की मौत एक वर्ष पूर्व हो गई थी तीन बच्चे वर्तमान में थे जिसमें सबसे बड़ी ममता 16 वर्ष चांदनी 14 वर्ष और एक लड़का गुलशन 12 वर्ष का है। घटना के बाद तीनों बच्चों से उनके मां-बाप का साया छीन गया है। घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। वहीं पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया। चौकी प्रभारी आशीष सिंह ने बताया की ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।
