यॉटा डेटा सेंटर पार्क उत्तर प्रदेश की डिजिटल अर्थव्यवस्था को देगा नई गति-सुनील कुमार शर्मा

Spread the love

ग्रेटर नोएडा स्थित अत्याधुनिक डेटा सेंटर पार्क का आईटी मंत्री ने किया निरीक्षण

125 मेगावाट क्षमता के लक्ष्य के साथ उत्तर प्रदेश को डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर हब बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार के आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स कैबिनेट मंत्री सुनील कुमार शर्मा ने ग्रेटर नोएडा स्थित यॉटा डेटा सेंटर पार्क का दौरा कर वहां विकसित अत्याधुनिक डिजिटल अवसंरचना एवं परिचालन व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। इस अवसर पर मंत्री का स्वागत यूपी इलेक्ट्रॉनिक्स कॉर्पाेरेशन लिमिटेड (UPLC) के प्रबंध निदेशक आईएएस हिमांशु कौशिक द्वारा किया गया।

दौरे के दौरान मंत्री को यॉटा डेटा सेंटर पार्क की प्रमुख उपलब्धियों, तकनीकी क्षमताओं एवं उत्तर प्रदेश की डिजिटल अर्थव्यवस्था में इसकी भूमिका के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। यॉटा नेतृत्व ने बताया कि कंपनी उत्तर प्रदेश में अपने परिचालन एवं निवेश का तेजी से विस्तार कर रही है तथा 125 मेगावाट स्थापित क्षमता प्राप्त करने का लक्ष्य लेकर कार्य कर रही है। यह परियोजना प्रदेश के डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर इकोसिस्टम को और अधिक सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।माननीय मंत्री ने बड़े पैमाने पर संचालित डेटा सेंटरों की विद्युत एवं जल आवश्यकताओं तथा उनसे संबंधित चुनौतियों के बारे में जानकारी प्राप्त की।  इस पर यॉटा प्रबंधन ने अवगत कराया कि उत्तर प्रदेश सरकार एवं स्थानीय प्रशासन द्वारा अवसंरचना संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करने में निरंतर सहयोग प्रदान किया जा रहा है, जिससे उद्योग एवं सरकार के बीच मजबूत साझेदारी स्थापित हुई है। दौरे के दौरान यॉटा द्वारा अपनाई गई एयर कूलिंग तकनीक को भी प्रस्तुत किया गया, जिसके माध्यम से शीतलन हेतु मीठे पानी की आवश्यकता को काफी हद तक कम किया गया है। साथ ही शेष जल आवश्यकताओं की पूर्ति एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) से उपचारित जल द्वारा की जाती है, जो संसाधनों के जिम्मेदार एवं सतत उपयोग का उदाहरण है।

अपने संबोधन में सुनील कुमार शर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार राज्य को देश के अग्रणी डिजिटल एवं डेटा इंफ्रास्ट्रक्चर केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि यॉटा जैसी परियोजनाएं प्रदेश को वैश्विक डिजिटल मानचित्र पर नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी तथा सरकार ऐसे निवेशों एवं परियोजनाओं को निरंतर प्रोत्साहन देती है। इस अवसर पर मंत्री जी के साथ यूपी इलेक्ट्रॉनिक्स कॉर्पाेरेशन लिमिटेड (UPLC) के प्रबंध निदेशक आईएएस हिमांशु कौशिक, यॉटा के कॉर्पाेरेट अफेयर्स प्रमुख मनीष आनंद तथा संगठन के वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *