पुलिया टूटने से आवागमन अवरुद्ध, सड़क की भी हालत खराब ग्रामीणों ने की मरम्मत की मांग

Spread the love

शाहगंज,सोनभद्र। घोरावल ब्लाक क्षेत्रान्तर्गत ढुटेर गांव स्थित स्टेट हाइवे से मसोई गाँव को जोड़ने वाले सम्पर्क मार्ग की हालत अत्यन्त दयनीय हो गयी है। इसी मार्ग पर शाहगंज राजवाहा के पास बनी पुलिया भी टूटकर बह गयी है। जिससे लोगों का आवागमन पूरी तरह अवरुद्ध हो गया है। ग्रामीण करीब डेढ़ किमी दूर दूसरे रास्ते से आने-जाने के लिए मजबूर हैं।
बताया जाता है कि राज्य वित्त आयोग योजनान्तर्गत वर्ष 2018-19 में राबर्टसगंज-घोरावल मुख्य मार्ग ढुटेर-मसोई सम्पर्क मार्ग के लेपन का कार्य जिला पंचायत द्वारा कराया गया था। इसी मार्ग पर नहर के पास बरसाती पानी की निकासी को पुलिया का भी निर्माण कराया गया था। जो गत वर्ष वर्षा ऋतु में पानी के तेज बहाव के कारण पूरी तरह टूट कर बह गयी। सड़क भी उखड़ने के साथ ही इस पर घास उग आयी है। इससे उक्त रास्ते ढुटेर, मसोई, लसही प्रभा, ईनम आदि गाँवो के रहवासियों का आवागमन बिल्कुल ठप हो गया है। मजबूरन लोग लगभग डेढ़ किमी दूरी का दूसरा रास्ता नाप कर अपने गन्तव्य तक पहुंचते हैं। बरसात के दिनों में तो स्थिति और खराब हो जाती है। इसको लेकर सम्बंधित गाँवों के लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।  पूर्व ग्राम प्रधान रामजीत मौर्य, गुलाब सिंह सहित दिनेश कुमार, बसावन, शिवप्रसाद, गुलाब, तेजबहादुर सुवाष पासवान, हीरामन, सोहन आदि ग्रामीणों ने इस ओर शासन-प्रशासन एवं क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों का ध्यान आकृष्ट कराते हुए उक्त टूटी पुलिया के स्थान पर नई पुलिया का निर्माण तथा क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत यथाशीघ्र कराये जाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *