राउरकेला।सेल, राउरकेला इस्पात संयंत्र (आरएसपी) ने संचालन के कई प्रमुख क्षेत्रों में अब तक का सर्वाधिक अप्रैल उत्पादन दर्ज किया है, जो परिचालन उत्कृष्टता और सतत क्षमता उपयोग को दर्शाता है। एक उल्लेखनीय मासिक प्रदर्शन में, सिंटर प्लांट-3 ने 3,13,234 टन सिंटर का उत्पादन किया, जिससे कुल सिंटर उत्पादन 6,11,259 टन तक पहुँच गया, जो अप्रैल माह का अब तक का सर्वोत्तम आंकड़ा है। इसी प्रकार, ब्लास्ट फर्नेस संख्या 5 ने 2,73,186 टन हॉट मेटल का उत्पादन कर अप्रैल माह का सर्वश्रेष्ठ उत्पादन दर्ज किया। अप्रैल में स्टील मेल्टिंग शॉप-2 (एसएमएस-2) ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 3,18925 टन कच्चे इस्पात का उत्पादन किया, जबकि दोनों स्टील मेल्टिंग शॉप्स से कुल कच्चे इस्पात का उत्पादन 3,43,365 टन रहा। फिनिशिंग मिल्स में, नए प्लेट मिल ने 88,203 टन प्लेट्स का रोलिंग किया, जबकि हॉट स्ट्रिप मिल-2 (एचएसएम-2) से कुल एचआर कॉयल्स का रोलिंग 2,30,831 टन रहा। ये दोनों ही आंकड़े अप्रैल माह के सर्वश्रेष्ठ रहे। इसी प्रकार, एचएसएम-2 की शीट शियरिंग लाइन (एसएसएल) से एचआर प्लेट का उत्पादन 26,686 टन दर्ज किया गया।
अप्रैल माह में कुल विक्रेय योग्य इस्पात (सेलेबल स्टील) का उत्पादन 3,61,801 टन पार कर गया, जो एक महत्वपूर्ण उपलब्धि रही। यह प्रदर्शन आरएसपी की उत्पादकता और दक्षता को निरंतर बढ़ाने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जो कुशल कार्यबल और रणनीतिक परिचालन पहलों द्वारा संभव हुआ है। इसके अतिरिक्त, आरएसपी ने कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में अपने वार्षिक उत्पादन लक्ष्यों को भी पूरा किया। इनमें शामिल हैं- कोक ओवन बैटरी-6 में ओवन पुशिंग 363 संख्या/दिन, सिंटरिंग प्लांट-1 से 1,27,235 टन सिंटर उत्पादन, सिंटरिंग प्लांट-2 से 1,70,790 टन सिंटर उत्पादन, एचएसएम-2 से बिक्री हेतु एचआर कॉयल्स का उत्पादन 1,89,205 टन, तथा ईआरडब्ल्यू पाइप्स का उत्पादन 5,019 टन। अप्रैल माह का यह उत्कृष्ट प्रदर्शन आरएसपी की दक्षता, नवाचार और सेल के उत्पादन लक्ष्यों के अनुरूप कार्य करने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
