फरीदाबाद। अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर एनटीपीसी फरीदाबाद द्वारा श्रम कानूनों पर एक सेमिनार एवं जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें विशेष रूप से Code on Social Security, 2020 के अंतर्गत प्रस्तावित नए श्रम सुधारों पर चर्चा की गई। ईपीएफओ फरीदाबाद फील्ड कार्यालय की ओर से भुवनेश वर्श्नेय (सहायक भविष्य निधि आयुक्त) एवं राकेश शर्मा (प्रवर्तन अधिकारी) ने भाग लिया तथा नए श्रम संहिताओं के प्रमुख प्रावधानों एवं उनके कर्मचारियों एवं नियोक्ताओं पर प्रभाव के संबंध में जागरूकता व्याख्यान दिया। इस अवसर पर आशुतोष सतपथी (महाप्रबंधक, एनटीपीसी फरीदाबाद) भी उपस्थित रहे, जिन्होंने श्रमिकों के कल्याण के महत्व पर प्रकाश डाला तथा राष्ट्र निर्माण में श्रमिकों के अमूल्य योगदान की सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान भविष्य निधि एवं श्रम कानूनों से संबंधित सदस्यों की अनेक शिकायतों का समाधान करते हुए उन्हें तत्काल मार्गदर्शन प्रदान किया गया। यह कार्यक्रम श्रम और कार्य की भावना का उत्सव मनाने की दिशा में एक सार्थक पहल रहा, जो माननीय प्रधानमंत्री के श्रमेव जयते के विजन के अनुरूप है तथा प्रत्येक श्रमिक के लिए सामाजिक सुरक्षा एवं सम्मान सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता को सुदृढ़ करता है।
