प्रयागराज । अलीगढ़ जंक्शन पर सामाजिक सरोकार एवं जनसेवा के लिए नि:शुल्क पेयजल सेवा का कार्य स्वयंसेवी संगठन द्वारा किया जा रहा है । भीषण गर्मी के मौसम में यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्वयंसेवी संस्था मानव उपकार समिति द्वारा स्टेशन परिसर में नि:शुल्क शीतल पेयजल सेवा संचालित की जा रही है। इस पहल से प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्रियों को राहत मिल रही है ।
गर्मी के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए संस्था के स्वयंसेवक पूरे समर्पण भाव से यात्रियों की सेवा में जुटे हुए हैं। स्वयंसेवकों द्वारा विशेष रूप से प्लेटफॉर्म पर आने वाली ट्रेनों के साधारण (जनरल) कोचों के सामने खड़े होकर यात्रियों को ठंडा एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों, वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं तथा बच्चों को इस सेवा से विशेष लाभ मिल रहा है। यात्रियों ने संस्था के इस मानवीय प्रयास के लिए आभार व्यक्त किया है । यात्रियों का कहना है कि भीषण गर्मी में ठंडा पानी मिलना किसी राहत से कम नहीं है। यह सेवा न केवल यात्रियों की सुविधा बढ़ा रही है, बल्कि समाज में सेवा, सहयोग और परोपकार की भावना को भी मजबूत कर रही है।
रेल प्रशासन ने भी इस सामाजिक कार्य की सराहना करते हुए इसे जनहित में अत्यंत महत्वपूर्ण बताया है। अलीगढ़ जंक्शन के स्टेशन अधीक्षक श्री मुकेश कुमार, वाणिज्य निरीक्षक तपेश गोस्वामी तथा मानव उपकार समिति के पदाधिकारियों एवं स्वयंसेवकों के समन्वय से यह सेवा सुचारु रूप से संचालित की जा रही है। रेल प्रशासन ने कहा कि सामाजिक संस्थाओं द्वारा इस प्रकार के जनकल्याणकारी कार्य समाज के लिए प्रेरणादायक हैं। ऐसे प्रयासों से यात्रियों को सुविधा मिलने के साथ-साथ सामाजिक सहभागिता भी मजबूत होती है। अलीगढ़ जंक्शन पर चल रही यह नि:शुल्क पेयजल सेवा मानवता, सेवा और संवेदनशीलता का उत्कृष्ट उदाहरण है।
