मण्डल स्तर पर एनसीआरईएस के साथ दो दिवसीय स्थायी वार्ता तंत्र बैठक का शुभारंभ

Spread the love

 प्रयागराज । उत्तर मध्य रेलवे मण्डल रेल प्रबन्धक कार्यालय, प्रयागराज में आज 29 अप्रैल 2026 से मण्डल रेल प्रबन्धक रजनीश अग्रवाल की अध्यक्षता एवं एनसीआरईएस के जोनल महामंत्री आर.पी. सिंह की उपस्थिति में नॉर्थ सेंट्रल रेलवे इम्प्लॉईज़ संघ (NCRES) के साथ दो दिवसीय स्थायी वार्ता तंत्र बैठक का शुभारंभ हुआ।इस अवसर पर एनसीआरईएस के जोनल महामंत्री आर.पी. सिंह, मण्डल अध्यक्ष मान सिंह, मण्डल मंत्री चन्दन कुमार सिंह सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में प्रयागराज मंडल की ओर से अपर मण्डल रेल प्रबन्धक/सामान्य दीपक कुमार, अपर मण्डल रेल प्रबन्धक/परिचालन मो. मुबश्शिर वारिस एवं वरिष्ठ मण्डल कार्मिक अधिकारी वैभव कुमार गुप्ता सहित सभी विभागो के शाखाधिकारी उपस्थित रहे । 

इस अवसर पर अपने संबोधन में मण्डल रेल प्रबन्धक रजनीश अग्रवाल ने सभी प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए कहा कि अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों से प्रयागराज मण्डल निरंतर प्रगति कर रहा है तथा औद्योगिक संबंधों में समन्वय एवं सौहार्द बनाए रखने में एनसीआरईएस की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान मण्डल में 160 चयन/सूटेबिलिटी/ट्रेड टेस्ट आयोजित किए गए, जिनके माध्यम से 2333 कर्मचारियों को पदोन्नति प्रदान की गई। 559 कर्मचारियों को एमएसीपी का लाभ दिया गया।  85 आश्रितों को अनुकम्पा नियुक्ति प्रदान की गई।  93 सेवानिवृत्त कर्मचारियों को समापन भुगतान किया गया। 

उन्होंने आगे बताया कि रेलवे भर्ती बोर्ड, इलाहाबाद के माध्यम से विभिन्न पदों हेतु पैनल प्राप्त हुआ, जिसमें स्टेशन मास्टर, गुड्स ट्रेन मैनेजर, टेक्नीशियन, जूनियर क्लर्क, नर्सिंग अधीक्षक, फार्मासिस्ट, असिस्टेंट लोको पायलट आदि पदों पर सफलतापूर्वक नियुक्ति प्रक्रिया संचालित की गई।

कर्मचारी हितों के प्रति प्रतिबद्धता दर्शाते हुए उन्होंने बताया कि—

• मण्डल में शिकायत निवारण केंद्र एवं सिंगल विंडो सिस्टम के माध्यम से अब तक लगभग 26,800 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 26,472 का निस्तारण किया जा चुका है।  • मण्डल में E-Office का पूर्ण क्रियान्वयन किया जा चुका है और सभी विभागों में फाइलों का निस्तारण डिजिटल माध्यम से हो रहा है।  • HRMS पोर्टल पर 100% कर्मचारियों का डेटा अपलोड किया जा चुका है तथा ऑन-बोर्डिंग मॉड्यूल के माध्यम से ई-SR तैयार किए जा रहे हैं। 

उन्होंने कर्मचारी कल्याण के क्षेत्र में उठाए गए कदमों का उल्लेख करते हुए बताया कि—

• कर्मचारी हित निधि से 439 कर्मचारियों के बच्चों को ₹79.02 लाख की छात्रवृत्ति प्रदान की गई।  • 217 कर्मचारियों को ₹3.90 लाख साइकिल भत्ता दिया गया।  • 33 दिव्यांग कर्मचारियों को त्रिचक्र स्कूटी (Honda Activa Trike) प्रदान की गई।  • स्पाउस टूर प्रोग्राम के अंतर्गत 50 कर्मचारियों एवं 41 महिला कर्मचारियों के लिए अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह का भ्रमण आयोजित किया गया। 

इसके अतिरिक्त कर्मचारियों के स्वास्थ्य के लिए मण्डल कार्यालय एवं रनिंग रूम में नियमित योगाभ्यास की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।अंत में मण्डल रेल प्रबन्धक ने एनसीआरईएस को सहयोग हेतु धन्यवाद देते हुए आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी यह समन्वय इसी प्रकार बना रहेगा।

इस अवसर पर एनसीआरईएस के जोनल महामंत्री आर. पी. सिंह ने प्रयागराज मण्डल द्वारा गत वित्तीय वर्ष में किए गए उत्कृष्ट कार्यों की सराहना की तथा मण्डल को दो अमृत भारत ट्रेनों के आवंटन एवं प्रयागराज में होलीडे होम निर्माण की स्वीकृति पर बधाई दी। उन्होंने विभिन्न मुद्दों जैसे किलोमीटर बैलेंसिंग, कार्यों में तेजी, टीटी रेस्ट हाउस की व्यवस्था में सुधार, टिकट चेकिंग स्टाफ को कंसोलिडेटेड ट्रैवलिंग अलाउंस, रनिंग स्टाफ के लिए बेहतर सुविधाएं तथा सेंट्रल हॉस्पिटल की व्यवस्थाओं में सुधार की आवश्यकता पर बल दिया।  इस अवसर पर नॉर्थ सेंट्रल रेलवे इम्प्लॉईज़ संघ के मण्डल मंत्री चन्दन सिंह ने कर्मचारियों से संबंधित विभिन्न मुद्दों, जैसे रेलवे आवास, चिकित्सा सुविधाएं, रनिंग रूम आदि पर विस्तार से चर्चा करते हुए अपनी बात रखी। यूनियन के अन्य पदाधिकारियों द्वारा रेलवे आवास, महिला कर्मचारियों की सुविधाएं, रनिंग रूम, हेल्थ यूनिट्स, DFC स्टेशनों पर सुविधाएं, सुरक्षा उपकरणों की गुणवत्ता, अस्पताल टोकन प्रणाली एवं प्रतीक्षालयों के वातानुकूलन जैसे मुद्दे भी उठाए गए। मण्डल रेल प्रबन्धक रजनीश अग्रवाल ने आश्वस्त किया कि सभी मुद्दों की गंभीरता से समीक्षा कर प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। बैठक में मण्डल के सभी विभागों के शाखाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *