बुलंदशहर। खुर्जा परियोजना में 55वाँ राष्ट्रीय सुरक्षा सप्ताह 4 मार्च से 10 मार्च 2026 तक उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य परियोजना स्थल पर कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा कार्यस्थल पर होने वाली दुर्घटनाओं को कम करना था। इस अवसर पर परियोजना में विभिन्न जागरूकता एवं सहभागिता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

कार्यक्रम का शुभारंभ 02 मार्च 2026 को बिनोद कुमार साहू, मुख्य महाप्रबंधक (परियोजना) द्वारा ध्वजारोहण कर किया गया। इस अवसर पर उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सुरक्षा शपथ दिलाई गई, जिसमें सभी ने कार्यस्थल पर सुरक्षा नियमों का पालन करने का संकल्प लिया। श्री बिनोद साहू ने अपने संबोधन में इस वर्ष की थीम “उन्नत सुरक्षा के लिए लोगों को संलग्न करें , शिक्षित करें और सशक्त बनाएं” के ऊपर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा सप्ताह आयोजित करने का मुख्य उद्देश्य परियोजना कार्यस्थल पर दुर्घटनाओं की संख्या को कम करना तथा सुरक्षा मानकों के प्रति व्यापक जागरूकता फैलाना है। राष्ट्रीय सुरक्षा सप्ताह के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए निबंध प्रतियोगिता एवं नारा प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसके अतिरिक्त अग्नि दुर्घटना के खतरों एवं उनसे बचाव के उपायों (फायर सेफ़्टी) पर एक विशेष कार्यशाला भी आयोजित की गई, जिसमें कर्मचारियों को अग्नि सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई।कार्यक्रम का समापन 12 मार्च 2026 को पुरस्कार वितरण समारोह के साथ किया गया। राष्ट्रीय सुरक्षा सप्ताह के सफल आयोजन में विजय सिंह बिष्ट, अपर महाप्रबंधक (सुरक्षा), यशवंत सिंह नेगी, उप प्रबंधक (सुरक्षा) तथा एच. एस. चौहान, अभियंता (सुरक्षा) की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

गांव गिराँव हिंदी न्यूज़ पोर्टल पर आप – Latest Breaking News, देश, विदेश, खेल, मनोरंजन, राजनीति, क्राइम, ऑटोमोबाइल, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, लाइफस्टाइल, क्रिकेट से सम्बंधित सभी समाचार प्राप्त करते है।
