लखनऊ। एनटीपीसी उत्तरी क्षेत्र मुख्यालय (एनआरएचक्यू) ने अपने सीएसआर पहल के अंतर्गत, जिला मजिस्ट्रेट (डीएम), लखनऊ के प्रस्ताव के अनुसार, लखनऊ शहर के 50 आंगनवाड़ी केंद्रों को शैक्षिक लर्निंग किट वितरित की। यह वितरण कार्यक्रम एस. एन. पाणिग्रही, मुख्य महाप्रबंधक (एचआर), एनआरएचक्यू लखनऊ के मार्गदर्शन में, श्रेयांश मौर्य, जिला कार्यक्रम अधिकारी (डीपीओ), लखनऊ एवं विजय तिवारी, सीडीपीओ की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ।
इस पहल का उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों में अध्ययनरत नन्हे बच्चों के लिए सीखने की प्रक्रिया को आनंददायक बनाना है। प्रत्येक किट में उन्नीस शैक्षिक एवं खेल सामग्री शामिल हैं, जैसे कुर्सियां, मून टेबल, ब्लॉक्स, पज़ल, ट्राइसाइकिल, प्लास्टिक बॉल, मिट्टी (क्ले), रिंग्स, कहानी की किताबें, वर्णमाला पुस्तकें, फल एवं पशु सीखने के सेट, शैक्षिक मानचित्र आदि।इस अवसर पर श्री पाणिग्रही ने बच्चों को शिक्षा के माध्यम से सशक्त बनाने हेतु उत्तर प्रदेश सरकार की पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि एनटीपीसी ऐसे प्रयासों से जुड़कर गर्व महसूस करता है, जो शिक्षा के माध्यम से भविष्य की पीढ़ी के निर्माण में सहायक हैं। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं पर्यवेक्षकों के साथ संवाद कर केंद्रों के संचालन में उनकी अपेक्षाओं एवं चुनौतियों को भी समझा। हाल ही में, एनटीपीसी एनआरएचक्यू को इस सराहनीय पहल में सहयोग हेतु उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा सम्मानित भी किया गया।
