एनटीपीसी नबीनगर की पहल: 120 मेधावी बालिकाओं को बांटी साइकिलें

Spread the love

ग्रामीण बालिकाओं को सशक्त बना रहा है एनटीपीसी नबीनगर – जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा

औरंगाबाद। एनटीपीसी नबीनगर ने शनिवार को अपने नैगमिक सामाजिक उत्तरदायित्व (सी.एस.आर) के अंतर्गत 120 ग्रामीण बालिकाओं को साइकिलें प्रदान कीं। इस अवसर पर आयोजित समारोह में औरंगाबाद की जिलाधिकारी श्रीमती अभिलाषा शर्मा एवं अनुमंडल पदाधिकारी  संतन कुमार सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी श्रीमती अभिलाषा शर्मा ने एनटीपीसी नबीनगर की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि “इस प्रकार के प्रयास ग्रामीण क्षेत्रों में बालिकाओं की शिक्षा को नई दिशा देने में अत्यंत सहायक सिद्ध होते हैं। एनटीपीसी नबीनगर बालिका सशक्तिकरण अभियान एवं अन्य योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण बालिकाओं को सशक्त बना रहा है।”

इस अवसर पर परियोजना प्रमुख  एल. के. बेहेरा ने कहा कि एनटीपीसी नबीनगर बालिका शिक्षा एवं सशक्तिकरण को प्राथमिकता देता है तथा ग्रामीण क्षेत्रों में सकारात्मक बदलाव के लिए निरंतर प्रयासरत है। सभी लाभान्वित बालिकाएँ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से हैं, जिन्होंने वर्ष 2023, 2024 एवं 2025 के दौरान एनटीपीसी नबीनगर द्वारा संचालित बालिका सशक्तिकरण अभियान में भाग लिया था।

उल्लेखनीय है कि एनटीपीसी नबीनगर द्वारा प्रत्येक वर्ष सी.एस.आर के अंतर्गत ‘बालिका सशक्तिकरण अभियान’ कार्यशाला का आयोजन किया जाता है, जिसमें आसपास के सरकारी विद्यालयों से चयनित 40 मेधावी बालिकाओं को एनटीपीसी टाउनशिप में निःशुल्क आवासीय प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है। इस प्रशिक्षण के दौरान बालिकाओं को कराटे, योग, अंग्रेज़ी, विज्ञान एवं कंप्यूटर जैसे विषयों में प्रशिक्षण दिया जाता है, जिससे उनके समग्र व्यक्तित्व विकास को प्रोत्साहन मिलता है।

ज्ञातव्य हो कि विद्युत उत्पादन के अतिरिक्त एनटीपीसी नबीनगर अपने नैगमिक सामाजिक उत्तरदायित्व एवं सामुदायिक विकास नीति के माध्यम से आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्यरत है। शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत संरचना, कौशल विकास एवं आजीविका प्रशिक्षण जैसे क्षेत्रों में सतत प्रयासों के माध्यम से एनटीपीसी स्थानीय समुदायों के जीवन स्तर को सशक्त बनाने हेतु निरंतर प्रयासरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *