सोनभद्र। चोपन थाना क्षेत्र के मारकुंडी बाजार में जमीन और मकान के बंटवारे को लेकर चल रहा पारिवारिक विवाद हिंसक हो गया। छोटे भाई ने अपनी पत्नी और बेटे के साथ मिलकर बड़े भाई पर लाठी, डंडे और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। इस हमले में बड़ा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।बताया जा रहा है कि श्रीकांत शर्मा और उनके छोटे भाई रमाकांत शर्मा के बीच लंबे समय से जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। सोमवार सुबह करीब 10 बजे दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो अचानक मारपीट में बदल गई। आरोप है कि रमाकांत शर्मा ने अपनी पत्नी सोनी और बेटे अमन के साथ मिलकर बड़े भाई को जमीन पर गिराकर बेरहमी से पीटा और लात-घूंसे भी बरसाए।घटना के दौरान श्रीकांत शर्मा की नाबालिग बेटी ने पूरे हमले का वीडियो बना लिया। इसके बाद उसने एम्बुलेंस बुलाकर घायल पिता को मेडिकल कॉलेज लोढ़ी पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।पीड़ित की तहरीर पर चोपन पुलिस ने रमाकांत शर्मा, उसकी पत्नी सोनी और बेटे अमन के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 352 और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस वायरल वीडियो को साक्ष्य मानकर मामले की जांच और आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
जमीन विवाद में भाईचारा शर्मसार,छोटे भाई ने परिवार संग मिलकर बड़े भाई को पीटा,वीडियो वायरल
