सोनभद्र। अनपरा थाना क्षेत्र के औड़ी मोड़ स्थित ग्राहक सेवा केंद्र (सीएससी) और बीसी बैंक में अचानक लगी आग ने भारी तबाही मचा दी। संदिग्ध परिस्थितियों में भड़की आग ने देखते ही देखते पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे कैश, कंप्यूटर, फर्नीचर और जरूरी दस्तावेज जलकर पूरी तरह राख हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।बताया जा रहा है कि अचानक सेंटर से आग की लपटें उठने लगीं और कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी तेज थी कि काबू पाना मुश्किल हो गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।घटना की जानकारी पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट या अन्य कारण मानी जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही सामने आएगा।
सीएससी सेंटर में भीषण आग, कैश समेत सामान जलकर राख
