धनबाद।उपायुक्त, धनबाद के निर्देशानुसार आज झरिया पुनर्वास एवं विकास प्राधिकार (JRDA) के अंतर्गत चल रहे पुनर्वास कार्यों की प्रगति का जायजा लेने हेतु बीसीसीएल टीम द्वारा बेलगढ़िया टाउनशिप के फेज – 4, 5 एवं 6 का विस्तृत निरीक्षण किया गया। निरीक्षण दल का नेतृत्व क्षेत्रीय महाप्रबंधक (बरोरा क्षेत्र), बीसीसीएल के.के सिंह ने किया। उनके साथ आलोक कुमार (नोडल पदाधिकारी, जेएमपी, बरोरा क्षेत्र), आशलोक कुमार सिंह, प्रेम कुमार राय (R&R टीम, बरोरा क्षेत्र), यश सुरेना (सहायक प्रबंधक, सिविल, बरोरा क्षेत्र) तथा रंजीत कुमार सिंह (आर.आई., बरोरा क्षेत्र) उपस्थित रहे। इस दौरान JRDA के प्रबंधक सिविल राजेश कुमार का भी सक्रिय सहयोग रहा।
निरीक्षण के दौरान जेआरडीए साइट्स पर प्रस्तावित एवं पुनर्वास हेतु आ रहे एलटीएच एवं नॉन-एलटीएच परिवारों के लिए विकसित आधारभूत एवं आवश्यक सुविधाओं का अवलोकन किया गया। इनमें आवासीय भवन, सड़कों का निर्माण, पेयजल आपूर्ति प्रणाली, विद्युत व्यवस्था, ओवरहेड टैंक, पानी टंकी, स्ट्रीट लाइट सहित स्किल डेवलपमेंट से संबंधित संरचनाएं शामिल रहीं। अधिकारियों ने उपलब्ध सुविधाओं की गुणवत्ता, उपयोगिता एवं रख-रखाव की स्थिति का मूल्यांकन किया।
इसके अतिरिक्त, आजीविका संवर्धन के उद्देश्य से संचालित स्व-सहायता समूहों की गतिविधियों का भी निरीक्षण किया गया। इस क्रम में सोनी वर्मा, आकांक्षा कुमारी, गीता देवी सहित अन्य महिलाओं द्वारा संचालित मशरूम उत्पादन एवं अन्य उत्पादों का अवलोकन किया गया। निरीक्षण दल ने महिलाओं के प्रयासों की सराहना करते हुए उनके उत्पादों को प्रोत्साहन स्वरूप क्रय किया तथा उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
निरीक्षण के उपरांत यह निर्णय लिया गया कि बरोरा क्षेत्र अंतर्गत जेआरडीए साइट्स में निवासरत LTH एवं Non-LTH परिवारों से पुनः संपर्क स्थापित कर उन्हें उपलब्ध समस्त सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। साथ ही, उन्हें शीघ्र पुनर्वास (शिफ्टिंग) के लिए प्रेरित करने हेतु विशेष अभियान चलाया जाएगा, ताकि पुनर्वास प्रक्रिया को गति दी जा सके।
यह निरीक्षण न केवल पुनर्वास कार्यों की प्रगति का आकलन करने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण रहा, बल्कि इससे विभागीय समन्वय, आधारभूत संरचना के सुदृढ़ीकरण तथा प्रभावित परिवारों के जीवन स्तर में सुधार के प्रति प्रतिबद्धता भी स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुई।
