नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ने मऊ भ्रमण के दौरान स्कूल चलो अभियान रैली का हरी झंडी दिखाकर किया भव्य शुभारम्भ*
*शिक्षा के साथ संस्कार, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण पर विशेष जोर*
लखनऊ,/ जनपद मऊ में शैक्षिक सत्र 2026–27 के अंतर्गत “स्कूल चलो अभियान” का भव्य शुभारम्भ नगर पालिका कम्युनिटी हॉल में प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए. के. शर्मा द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं हरी झंडी दिखा कर किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी, शिक्षक, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में मंत्री श्री शर्मा ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे गांव-गांव और घर-घर संपर्क कर बच्चों का नामांकन सुनिश्चित करें तथा अभिभावकों को शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक करें। उन्होंने अपने छात्र जीवन के अनुभव साझा करते हुए कहा कि शिक्षा ही सफलता का मूल आधार है।

नगर विकास मंत्री ने शिक्षकों से आह्वान किया कि वे बच्चों को केवल पुस्तकीय ज्ञान ही नहीं, बल्कि नैतिक मूल्यों, अनुशासन और संस्कारों की भी शिक्षा दें। उन्होंने विद्यालयों को शिक्षा के साथ-साथ संस्कार का केंद्र बताते हुए बच्चों के जन्मदिन पर पौधरोपण करने तथा नियमित स्वच्छता अभियान चलाने का सुझाव दिया, जिससे बच्चों में पर्यावरण एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता विकसित हो।उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि यदि कोई बच्चा विद्यालय समय में बाहर दिखाई दे, तो उसके अभिभावकों से संपर्क कर उसे विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित किया जाए। साथ ही, उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे को शिक्षा से जोड़ना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इस अवसर पर मंत्री श्री शर्मा ने जनपद में शिक्षा के क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के सुदृढ़ीकरण हेतु ₹1.57 करोड़ तथा परिषदीय विद्यालयों में छात्रों की सुविधा के लिए ₹1 करोड़ की लागत से बेंच की व्यवस्था कराई गई है, जिससे बच्चों को बेहतर शैक्षिक वातावरण मिल सके।
