एनटीपीसी ऊंचाहार द्वारा सीएसआर पहल के अंतर्गत टीबी मरीजों को पोषण सहयोग

Spread the love

ऊंचाहार, रायबरेली। एनटीपीसी ऊंचाहार ने अपनी कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) पहल के अंतर्गत रायबरेली जिला के ऊंचाहार क्षेत्र के 100 क्षय रोग (टीबी) मरीजों को छह माह की अवधि के लिए पोषण किट उपलब्ध कराकर सराहनीय पहल की है। यह प्रयास प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान को सशक्त बनाने तथा टीबी मरीजों के पोषण स्तर में सुधार कर उनके उपचार परिणामों को बेहतर बनाने के उद्देश्य से किया गया है।

इस पहल को टीबी मरीजों के लिए लक्षित पोषण सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। यह एनटीपीसी ऊंचाहार की सामुदायिक स्वास्थ्य के प्रति प्रतिबद्धता तथा सरकारी योजनाओं के साथ समन्वय स्थापित करते हुए प्रभावी सीएसआर परियोजनाओं के माध्यम से योगदान देने के संकल्प को दर्शाता है। कार्यक्रम में पंकज कुमार, प्रमुख HR ऊंचाहार; डॉ. अंतोष सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, एनटीपीसी ऊंचाहार; तथा डॉ. राधा यादव, वरिष्ठ चिकित्सक, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC), ऊंचाहार सहित सीएसआर एवं मेडिकल टीम के सदस्य उपस्थित रहे। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि पर्याप्त पोषण टीबी मरीजों के शीघ्र स्वस्थ होने एवं उपचार के प्रति बेहतर अनुपालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने टीबी मुक्त भारत के राष्ट्रीय लक्ष्य की दिशा में एनटीपीसी ऊंचाहार के प्रयासों की सराहना की।

यह परियोजना चक्रिय विकास प्रणाली संस्थान (CVPS) के माध्यम से, जिला क्षय रोग अधिकारी, रायबरेली के कार्यालय तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC), ऊंचाहार के सहयोग से क्रियान्वित की जा रही है। इसके अंतर्गत प्रत्येक चिन्हित टीबी मरीज को प्रति माह पोषण किट वितरित की जा रही है, जिसमें दलिया (1 किग्रा), भुना चना (1 किग्रा), मूंग दाल (1 किग्रा), चना सत्तू (1 किग्रा), सोयाबीन चंक्स (200 ग्राम) एवं हॉर्लिक्स (500 ग्राम) शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *