किरवानी जंगल हादसा : डीएम व एसपी ने किया निरीक्षण

 म्योरपुर/सोनभद्र। किरवानी जंगल में सोमवार को मिट्टी का टीला धंसने से सुरंग में दबकर तीन महिलाओं की दर्दनाक मौत के बाद प्रशासन हरकत में आ गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी बद्रीनाथ सिंह और पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने हादसे के कारणों की बारीकी से पड़ताल की और मौके पर मौजूद राजस्व व पुलिस अधिकारियों से पूरी जानकारी ली। उपजिलाधिकारी निखिल यादव तथा पुलिस क्षेत्राधिकारी राजेश राय ने घटनाक्रम की क्रमवार जानकारी देते हुए बताया कि सफेद मिट्टी निकालने के लिए बनाई गई अस्थायी सुरंग अचानक धंस गई, जिससे अंदर कार्य कर रहीं तीन महिलाएं मलबे में दब गईं। ग्रामीणों के प्रयास और बाद में पहुंची प्रशासनिक टीम की मदद से उन्हें बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
 जिलाधिकारी बद्रीनाथ सिंह ने मृतक महिलाओं के परिजनों से मुलाकात कर गहरा शोक व्यक्त किया और हर संभव सहायता का भरोसा दिया। उन्होंने उपजिलाधिकारी को निर्देशित किया कि शासन स्तर से उपलब्ध आर्थिक सहायता तत्काल दिलाई जाए तथा अन्य जरूरी मदद भी प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित की जाए। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने भी घटना पर दुख जताते हुए कहा कि इस प्रकार की अवैध और असुरक्षित सुरंगों पर सख्ती से रोक लगाई जाएगी। निरीक्षण के दौरान खैराही प्रधान प्रतिनिधि सीताराम, किरवानी प्रधान प्रतिनिधि बुद्धिनारायण गुप्ता और रनटोला ग्राम प्रधान दिनेश जायसवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों से भी अधिकारियों ने बातचीत की। ग्राम प्रधानों ने प्रशासन को बताया कि क्षेत्र में कई स्थानों पर सफेद मिट्टी की सुरंगें बनाई गई हैं और अब भी मिट्टी निकासी का कार्य जारी है, जिससे भविष्य में भी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है। अधिकारियों ने ग्राम प्रधानों से अपील की कि गांव स्तर पर लोगों को जागरूक किया जाए और जोखिम भरे कार्यों से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जाए। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

NTPC
Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *