फाइलेरिया उन्मूलन अभियान के तहत भूली क्षेत्रीय अस्पताल, बीसीसीएल में मास ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन अभियान का आयोजन

Spread the love

(स्वास्थ्य शिविर में बीपी एवं हाइपरटेंशन की निःशुल्क जाँच)

धनबाद। बीसीसीएल द्वारा देशव्यापी फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत आज भूली क्षेत्रीय अस्पताल में मास ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (एमडीए) अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय निवासियों, बीसीसीएल कर्मियों, उनके परिजनों तथा अन्य नागरिकों को फाइलेरिया रोधी दवाएं खिलाई गईं तथा उनका निःशुल्क वितरण किया गया।

कार्यक्रम के साथ ही मधुमेह एवं उच्च रक्तचाप (हाइपरटेंशन) के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एक स्वास्थ्य शिविर का आयोजन भी किया गया। शिविर में लाभार्थियों के बीपी एवं हाइपरटेंशन की निःशुल्क चिकित्सीय जाँच की गई तथा विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा आवश्यक परामर्श प्रदान किए गए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता निदेशक (मानव संसाधन) मुरली कृष्ण रमैया ने की। इस अवसर पर महाप्रबंधक (प्रशासन) अर्पण घोष, विभागाध्यक्ष (कल्याण) श्रीमती किरण रानी नायक, चिकित्सा अधिकारी (भूली आरएच) डॉ. अभिजीत कुमार सहित भूली क्षेत्रीय अस्पताल के अन्य चिकित्सक, पैरामेडिकल एवं नर्सिंग स्टाफ, अधिकारी तथा कर्मी उपस्थित रहे।

अभियान के अंतर्गत आज दो सौ से अधिक लोगों के बीच डीईसी एवं ऐलबेन्डाज़ोल टैबलेट का निःशुल्क वितरण किया गया। साथ ही स्वास्थ्य शिविर में उपस्थित लाभार्थियों के बीपी एवं हाइपरटेंशन की जाँच कर आवश्यक चिकित्सीय परामर्श दिए गए। कार्यक्रम को सफल बनाने में भूली क्षेत्रीय चिकित्सालय के प्रेम नारायण सिंह, विनोद सिंह सहित अन्य कर्मियों का विशेष योगदान रहा। उल्लेखनीय है कि जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में यह अभियान पूरे जिले में 11 से 25 फरवरी 2026 तक संचालित किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत स्वास्थ्यकर्मी घर-घर जाकर दवा वितरण सुनिश्चित करेंगे। इसी क्रम में भूली क्षेत्रीय अस्पताल के कर्मियों द्वारा भी आज व्यापक स्तर पर दवा वितरित की गई ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *