सीआईआई एचआर एक्सीलेंस असेसमेंट का शुभारंभ

सोनभद्र, सिंगरौली। एनटीपीसी विंध्याचल ने प्रशासनिक भवन में सीआईआई एचआर एक्सीलेंस असेसमेंट की औपचारिक शुरुआत एक सुव्यवस्थित एवं प्रेरणादायी उद्घाटन सत्र के साथ की। यह पहल संगठन की मानव संसाधन प्रबंधन में उत्कृष्टता, नवाचार और सतत सुधार की प्रतिबद्धता को सुदृढ़ करती है।
कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक दीप प्रज्ज्वलन एवं एनटीपीसी गीत के साथ हुआ, जो संगठन के मूल्यों और गौरवशाली विरासत का प्रतीक है। इस अवसर पर सीआईआई असेसमेंट टीम का पारंपरिक श्रीफल एवं शॉल से आत्मीय स्वागत किया गया। कार्यक्रम की गरिमामयी उपस्थिति में संजीब कुमार साहा, परियोजना प्रमुख (विंध्याचल) सहित स्टेशन का वरिष्ठ प्रबंधन उपस्थित रहा।
अपने संबोधन में श्री साहा ने सीआईआई असेसर्स के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि एनटीपीसी विंध्याचल फीडबैक को खुले मन से स्वीकार कर उस पर प्रभावी क्रियान्वयन के माध्यम से निरंतर सुधार की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रतिबद्ध है।
उद्घाटन प्रस्तुति को चार प्रमुख विषयगत खंडों में विभाजित किया गया, जिनमें स्टेशन की समग्र उत्कृष्टता यात्रा को प्रभावशाली रूप से प्रस्तुत किया गया। भारतीय विद्युत क्षेत्र एवं स्टेशन के परिचालन प्रदर्शन पर प्रस्तुति राम सेवक जायसवाल, उप महाप्रबंधक (ईईएमजी) द्वारा दी गई। मानव संसाधन की समग्र पहलों एवं प्रभावी सीएसआर गतिविधियों की जानकारी श्रीमती कामना शर्मा, उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन) ने साझा की। डिजिटलीकरण से जुड़ी प्रमुख पहलों को सौरभ बनौधा, उप महाप्रबंधक(आईटी) द्वारा प्रस्तुत किया गया। स्वास्थ्य एवं कल्याण कार्यक्रमों पर डॉ. वर्तिका कुलश्रेष्ठ, वरिष्ठ विशेषज्ञ (विंध्य चिकित्सालय) ने प्रकाश डाला। कार्यक्रम को और अधिक समृद्ध करते हुए लीड असेसर दीपक ए. देशपांडे ने सीआईआई मानव संसाधन उत्कृष्टता मॉडल तथा मूल्यांकन प्रक्रिया के विभिन्न पहलुओं पर महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान किया।
सत्र के दौरान चार प्रेरणादायी फिल्मों का प्रदर्शन किया गया, जिनमें एनटीपीसी की गौरवशाली यात्रा पर आधारित माइलस्टोन फिल्म, एनटीपीसी विंध्याचल की कॉर्पोरेट फिल्म, विशेष रूप से सक्षम कर्मचारियों की कृतज्ञता को दर्शाती भावनात्मक लघु फिल्म तथा संविदा श्रमिकों के लिए की गई पहलों पर आधारित “श्रम की रोशनी” शामिल रही।
सीआईआई असेसमेंट टीम ने स्टेशन की उत्कृष्ट आतिथ्य व्यवस्था की सराहना करते हुए इस सहभागिता से पारस्परिक सीख और ज्ञान-विनिमय की अपेक्षा व्यक्त की। कार्यक्रम का कुशल संचालन एवं समन्वय सुश्री पूर्णिमा चतुर्वेदी, वरिष्ठ प्रबंधक (एचआर) द्वारा किया गया। कार्यक्रम का समापन सुश्री रूमा दे शर्मा, मानव संसाधन प्रमुख (विंध्याचल) के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

गांव गिराँव हिंदी न्यूज़ पोर्टल पर आप – Latest Breaking News, देश, विदेश, खेल, मनोरंजन, राजनीति, क्राइम, ऑटोमोबाइल, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, लाइफस्टाइल, क्रिकेट से सम्बंधित सभी समाचार प्राप्त करते है।
