एनटीपीसी बरौनी टाउनशिप में मैत्री लेडीज क्लब द्वारा आनंद मेला 2026 का भव्य आयोजन 

Spread the love

दिव्यांगजनों को 10 व्हीलचेयर तथा जरूरतमंद महिलाओं को 5 सिलाई मशीनें वितरित की गईं

बेगूसराय। एनटीपीसी बरौनी टाउनशिप में 7 और 8 फरवरी 2026 को मैत्री लेडीज क्लब द्वारा दो दिवसीय आनंद मेला 2026 का आयोजन बड़े ही उत्साह और उल्लास के साथ किया गया। मेले का शुभारंभ 7 फरवरी की संध्या को विभिन्न परियोजनाओं के गणमान्य व्यक्तियों द्वारा रिबन काटकर किया गया। इस अवसर पर श्रीमती संगीता गोयल (अध्यक्ष, सुजाता लेडीज क्लब, ईआर-I मुख्यालय), श्रीमती सी.वी.एल. अनुराधा (अध्यक्ष, मंदाकिनी लेडीज क्लब, बाढ़) एवं श्रीमती डोलन चंपा घोष (अध्यक्ष, मैत्री लेडीज क्लब, बरौनी) तथा अन्य क्लबों की वरिष्ठ सदस्याएं भी उपस्थित रहीं। साथ ही  सी. सत्य रामा कृष्ण, परियोजना प्रमुख (बाढ़),  जयदीप घोष, परियोजना प्रमुख (बरौनी),  ए. के. त्रिपाठी ,जीएम (ऑपरेशन एंड मेंटेनेंस), देवकांत सरस्वत जीएम (मेंटेनेंस एंड एडीएम)  एवं प्रशांत कुमार सामल, एचआर हेड (बाढ़) की भी उपस्थिति रही।

उद्घाटन समारोह के उपरांत केक काटकर एवं गुब्बारे छोड़कर मेले की औपचारिक शुरुआत की गई। इसके बाद एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया, जिसमें विभिन्न प्रतिभाओं और परंपराओं की रंगारंग झलक देखने को मिली। मेले के दौरान मैत्री लेडीज क्लब द्वारा सामाजिक उत्तरदायित्व के अंतर्गत एक सराहनीय पहल भी की गई। इस अवसर पर समीपवर्ती परियोजना क्षेत्रों से दिव्यांगजनों को सहयोग प्रदान करने हेतु 10 व्हीलचेयर तथा जरूरतमंद महिलाओं को आजीविका सशक्तिकरण के उद्देश्य से 5 सिलाई मशीनें वितरित की गईं।

मेले में विभिन्न प्रकार के स्टॉल लगाए गए थे, जिनमें खाने-पीने के विशेष स्टॉल मैत्री लेडीज क्लब की सदस्यों द्वारा संचालित किए गए। स्वादिष्ट व्यंजनों के साथ-साथ खेल एवं मनोरंजन से जुड़े स्टॉलों ने मेले को खास आकर्षण प्रदान किया और सभी आयु वर्ग के लोगों के लिए यह एक यादगार अनुभव बना। मेले के दूसरे दिन टाउनशिप के बच्चों एवं निवासियों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सुंदर प्रस्तुतियां दी गईं, जिसने पूरे वातावरण को रंग, उमंग और उल्लास से भर दिया। अंत में लकी डिप ड्रा का आयोजन किया गया, जिसमें कई आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए गए। कार्यक्रम के समापन अवसर पर श्रीमती डोलन चंपा घोष, अध्यक्ष, मैत्री लेडीज क्लब, बरौनी ने एनटीपीसी बरौनी टीम एवं मैत्री लेडीज क्लब की सभी सदस्यों को मेले के सफल आयोजन के लिए धन्यवाद दिया। इस आनंद मेले ने बरौनी टाउनशिप के निवासियों के जीवन में उल्लास और खुशी का संचार किया। सुखद स्मृतियों के साथ आनंद मेला समाप्त हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *