तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार तीन लोगों को रौंदा, पूर्व प्रधानाचार्य समेत तीन की मौत

Spread the love

सोनभद्र।  राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत हिन्दुआरी चौकी इलाके में तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से एक ही बाइक पर सवार तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में श्री चन्द्रगुप्त मौर्य इंटर मीडिएट कॉलेज, मधुपुर के पूर्व प्रधानाचार्य दयाशंकर सिंह मौर्य, उनके भाई कमला सिंह मौर्य और रिश्तेदार प्रेम मौर्य की जान चली गई।बताया गया कि तीनों तिलक समारोह में शामिल होकर बाइक से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए।घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ सिटी रणधीर मिश्रा ने बताया कि राबर्ट्सगंज कोतवाली अंतर्गत हिन्दुआरी चौकी तिराहे पर ट्रक की टक्कर से यह हादसा हुआ है। शवों को मोर्चरी भेज दिया गया है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। हादसे के बाद फरार ट्रक चालक की तलाश के लिए टीमें लगाई गई हैं।घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है और पूरे इलाके में शोक का माहौल व्याप्त है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *