सोनभद्र। जिले के ओबरा थाना क्षेत्र अंतर्गत बिल्ली-मारकुंडी खनन क्षेत्र के बघमनवा इलाके में शनिवार देर रात हुई एक नृशंस हत्या ने पूरे जनपद को झकझोर कर रख दिया। गिरधर सीमेंट्स लिमिटेड के क्रशर परिसर में अज्ञात हमलावरों ने क्रशर कार्यालय के बाहर सो रहे 76 वर्षीय संचालक विष्णु हरी उपाध्याय की सिर कूचकर निर्मम हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर साक्ष्य मिटाने के इरादे से परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों को भी क्षतिग्रस्त कर फरार हो गए।

तड़के चार बजे खुला राज, खून से लथपथ मिला शव
हत्या का खुलासा रविवार तड़के उस समय हुआ, जब गिट्टी लोड कराने के लिए रात में आए ट्रक के खलासी ने क्रशर गेट खुलवाने के लिए विष्णु हरी उपाध्याय को आवाज दी। कई बार पुकारने के बावजूद जब कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो ट्रक चालक और फिर क्रशर के मुंशी को बुलाया गया। टॉर्च की रोशनी में अंदर पहुंचते ही सब सन्न रह गए। कार्यालय के बाहर विष्णु हरी उपाध्याय का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा था, सिर पर भारी वस्तु से किए गए गहरे वार के निशान साफ दिखाई दे रहे थे।
सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में मचा हड़कंप
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 पर पुलिस को जानकारी दी गई। ओबरा थाना पुलिस, पीआरबी और अन्य बल मौके पर पहुंचे। कुछ ही देर में परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए। शव देखते ही स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। खनन क्षेत्र में देखते-देखते भारी भीड़ जुट गई और पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
सीसीटीवी कैमरे तोड़े, चोरी की भी आशंका
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हमलावर पूरी तैयारी के साथ आए थे। हत्या के बाद उन्होंने क्रशर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों को तोड़ दिया, ताकि उनकी पहचान न हो सके। साथ ही कार्यालय से कुछ सामान के गायब होने के संकेत भी मिले हैं, जिससे लूट या चोरी की आशंका से इनकार नहीं किया जा रहा है।
एसपी-अपर एसपी मौके पर, फॉरेंसिक जांच तेज
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा और अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने पूरे परिसर का निरीक्षण किया और फॉरेंसिक टीम को साक्ष्य संकलन के निर्देश दिए। फॉरेंसिक टीम ने खून के नमूने, टूटे सीसीटीवी और अन्य अहम सबूत अपने कब्जे में लिए।
अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार ने बताया कि मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान हैं। प्रथम दृष्टया आशंका है कि पत्थर या किसी भारी वस्तु से वार कर हत्या की गई है। परिजनों की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया जाएगा।
खनन क्षेत्र में डर, सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
घटना के बाद बघमनवा और बिल्ली-मारकुंडी खनन क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों और खनन कारोबार से जुड़े लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। पुलिस ने क्रशर परिसर में कार्यरत कर्मचारियों, ट्रक चालकों और आसपास के लोगों से पूछताछ तेज कर दी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपितों को चिन्हित कर घटना का खुलासा किया जाएगा।

गांव गिराँव हिंदी न्यूज़ पोर्टल पर आप – Latest Breaking News, देश, विदेश, खेल, मनोरंजन, राजनीति, क्राइम, ऑटोमोबाइल, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, लाइफस्टाइल, क्रिकेट से सम्बंधित सभी समाचार प्राप्त करते है।
