धनबाद। बीसीसीएल की कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) पहल के अंतर्गत सेंट्रल टूलरूम एंड ट्रेनिंग सेंटर (सीटीटीसी), कोलकाता में कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफल समापन पर आज दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बीसीसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) मुरली कृष्ण रमैया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में धनबाद क्षेत्र के विभिन्न स्थानों जैसे कतरास, बाघमारा, झरिया आदि से आए कुल 250 प्रशिक्षणार्थियों ने भाग लिया, जिन्होंने विभिन्न यांत्रिक एवं औद्योगिक अभियांत्रिकी ट्रेड्स में सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूरा किया है। बीसीसीएल द्वारा सीटीटीसी कोलकाता के सहयोग से यह प्रशिक्षण कार्यक्रम युवाओं को आधुनिक उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल प्रदान करने तथा उन्हें रोजगार के लिए सक्षम बनाने के उद्देश्य से संचालित किया गया। प्रशिक्षण पूरा करने वाले 250 प्रतिभागियों में से अब तक 214 छात्रों को प्रतिष्ठित संगठनों से रोजगार के प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं। शेष प्रतिभागियों के लिए प्लेसमेंट प्रक्रिया जारी है और उन्हें भी शीघ्र रोजगार उपलब्ध कराए जाने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।
दीक्षांत समारोह के दौरान निदेशक (मानव संसाधन) मुरली कृष्ण रमैया ने प्रशिक्षण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शीर्ष प्रतिभागियों को प्रशिक्षण पूर्णता प्रमाण पत्र प्रदान किए। अपने संबोधन में उन्होंने कार्यस्थल पर आने वाली चुनौतियों को आत्मविश्वास के साथ स्वीकार करने, निरंतर सीखते रहने और अनुशासन एवं सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ने पर बल दिया। छात्रों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आधुनिक युग में नई तकनीकों को सीखने और स्वयं को बेहतर बनाने की आवश्यकता है, जिससे युवा बेहतर रोजगार प्राप्त कर राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दे सकें। बीसीसीएल का यह प्रयास केवल रोजगार उपलब्ध कराना नहीं है, बल्कि समाज और राष्ट्र के लिए सक्षम, आत्मनिर्भर और कुशल युवा तैयार करना है।
कार्यक्रम के दौरान छात्रों के साथ एक संवादात्मक सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें सभी प्रशिक्षणार्थियों ने अपने अनुभव साझा किए और बीसीसीएल द्वारा प्रदान किए गए इस अवसर के लिए आभार व्यक्त किया। छात्रों ने कहा कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम उनके करियर निर्माण में मील का पत्थर सिद्ध होगा।
इस अवसर पर सीटीटीसी के महाप्रबंधक (प्रशिक्षण) अपने समर्पित टीम सदस्यों के साथ उपस्थित रहे। उन्होंने प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफल संचालन तथा उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप पाठ्यक्रम तैयार किए जाने की जानकारी दी। समारोह का समापन राष्ट्र निर्माण में कुशल मानव संसाधन की भूमिका को रेखांकित करते हुए किया गया। कार्यक्रम की सफलता में बीसीसीएल सीएसआर टीम की वरीय प्रबंधक सुश्री नीलांजना चक्रवर्ती सहित अन्य का विशेष योगदान रहा।

गांव गिराँव हिंदी न्यूज़ पोर्टल पर आप – Latest Breaking News, देश, विदेश, खेल, मनोरंजन, राजनीति, क्राइम, ऑटोमोबाइल, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, लाइफस्टाइल, क्रिकेट से सम्बंधित सभी समाचार प्राप्त करते है।
