सोनभद्र। में समाजवादी पार्टी (सपा) कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी को एक ज्ञापन सौंपा है। यह ज्ञापन मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य के दौरान फॉर्म 7 के कथित दुरुपयोग और फर्जी तरीके से नाम काटे जाने की शिकायतों के संबंध में दिया गया। सपा जिला सचिव प्रमोद यादव ने बताया कि जिले में फॉर्म 7 का गलत तरीके से इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग फर्जी बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) बनकर फॉर्म 7 के माध्यम से मतदाताओं के नाम हटाने का प्रयास कर रहे हैं। प्रमोद यादव ने विशेष रूप से कुछ समुदायों के नाम काटने की साजिश का आरोप लगाया। ज्ञापन में मांग की गई है कि सोनभद्र में मतदाता सूची पुनरीक्षण में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी न हो। यदि कोई ऐसा करते पाया जाता है, तो मुख्य चुनाव आयुक्त और राज्य निर्वाचन आयुक्त द्वारा कड़ी कार्रवाई की जाए। प्रमोद यादव ने यह भी बताया कि उन्हें कई जनपदों से एसआइआर को लेकर प्रारूप 7 के दुरुपयोग की लगातार शिकायतें मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का निर्देश है कि हर कार्यकर्ता पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक के रूप में मतदाताओं का सहयोग करें। इस अवसर पर सपा नेता मनीष त्रिपाठी, सुरेश अग्रहरी और संजय मौर्य सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
समाजवादी पार्टी ने की फार्म 7 के माध्यम से नाम काटे की शिकायत
