सोनभद्र । विजयगढ़ क्षेत्र स्थित झरियवां धाम महादेव मंदिर परिसर में चल रहे नौ दिवसीय विराट रूद्र महायज्ञ के छठवें दिन सोमवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। यज्ञ मंडप की परिक्रमा के दौरान गूंजते जयकारों से पूरा यज्ञ स्थल भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया। दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं ने श्रद्धा और आस्था के साथ यज्ञ में सहभागिता की।आयोजकों के अनुसार 20 जनवरी को अयोध्या से पधार रहे महंत कमलनयन दास जी महाराज का भव्य आगमन होगा। इस अवसर पर भिखारी बाबा द्वारा उनका आरती, पूजन कर श्रद्धालुओं के साथ सम्मान किया जाएगा। महंत जी झरियवां धाम महादेव मंदिर में पूजन-अर्चन करने के साथ 251 जड़ी-बूटियों से निर्मित हवन सामग्री से आहुति देंगे, जिससे वातावरण शुद्ध और सकारात्मक बना रहे।

यज्ञ के दौरान प्रतिदिन रामकथा का आयोजन किया जा रहा है, जबकि रात्रि में वृंदावन से आई रासलीला मंडली द्वारा रासलीला प्रस्तुत की जा रही है। साथ ही विशाल भंडारे का आयोजन भी प्रतिदिन हो रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण कर रहे हैं।भिखारी बाबा उर्फ जंगली दास उर्फ दीनबंधु उर्फ रमाशंकर गिरी जी महाराज ने बताया कि नक्सल प्रभावित आदिवासी क्षेत्र विजयगढ़ के ग्रामसभा केवटम स्थित झरियवां धाम महादेव मंदिर परिसर में पहली बार विराट रूद्र महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। यज्ञ आचार्य राधेकृष्ण तिवारी, योगेश तिवारी एवं कौशल तिवारी के वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हो रहा है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विजयगढ़ राजा चंद्र विक्रम पदम् शरण शाह हैं। कार्यक्रम में भरत सिंह, अजय सिंह, चिंता मौर्य, किरण मोदनवाल, कार्यक्रम अध्यक्ष भोला सिंह, मुख्य यजमान दिनेश सिंह मौर्य सहित रामखेलावन, सत्यनारायण, बाबूलाल, रामसूरत, मुन्ना बाबा, मनोज केसरी, शंकर बाबा, परमानंद, शुभराम, उषा देवी, दीक्षा, राहुल सिंह समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। पूरे आयोजन को लेकर क्षेत्र में उत्साह और भक्तिभाव का माहौल बना हुआ है।

गांव गिराँव हिंदी न्यूज़ पोर्टल पर आप – Latest Breaking News, देश, विदेश, खेल, मनोरंजन, राजनीति, क्राइम, ऑटोमोबाइल, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, लाइफस्टाइल, क्रिकेट से सम्बंधित सभी समाचार प्राप्त करते है।
