एनटीपीसी के निदेशक वित्त ने हरी झंडी दिखाकर किया चलंत स्वास्थ्य वाहन सेवा का शुभारंभ

Spread the love

एनटीपीसी नबीनगर घर-घर तक पहुँचाएगा स्वास्थ्य सेवा

औरंगाबाद । एनटीपीसी के निदेशक (वित्त)  जयकुमार श्रीनिवासन ने रविवार को हरी झंडी दिखाकर चलंत स्वास्थ्य वाहन सेवा का शुभारंभ किया। एनटीपीसी नबीनगर के नैगमिक सामाजिक दायित्व (सीएसआर) पहल के अंतर्गत शुरू हुई चलंत स्वास्थ्य वाहन (मोबाइल मेडिकल वैन) द्वारा परियोजना के निकटवर्ती ग्रामों में घर-घर जाकर निःशुल्क प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाएँ एवं आवश्यक दवाइयाँ उपलब्ध कराई जाएँगी।

चलंत स्वास्थ्य वाहन नियमित रूप से सभी परियोजना प्रभावित गाँवों का भ्रमण कर प्राथमिक उपचार, स्वास्थ्य परामर्श एवं आवश्यक दवाइयों का निःशुल्क वितरण करेंगे। प्रत्येक मेडिकल वैन में प्रमाणित एवं अनुभवी चिकित्सक सहित प्रशिक्षित मेडिकल प्रोफेशनल्स की टीम तैनात रहेगी, जिससे ग्रामीणों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएँ प्राप्त हो सकें। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों तक चिकित्सकीय सुविधाओं को सीधे उनके द्वार तक पहुँचाना है, जिससे ग्रामीण स्वास्थ्य सुदृढ़ हो और लोगों को प्राथमिक उपचार प्राप्त करने में कठिनाई न हो। वाहनों को रवाना करने से पहले  जयकुमार श्रीनिवासन ने वाहनों का निरीक्षण किया। इस अवसर पर क्षेत्रीय कार्यकारी निदेशक (पूर्वी क्षेत्र-1)  विजय गोयल तथा एनटीपीसी नबीनगर के परियोजना प्रमुख  एल. के. बेहरा भी उपस्थित रहे।

रविवार को निदेशक (वित्त)  जयकुमार श्रीनिवासन एवं क्षेत्रीय कार्यकारी निदेशक (पूर्वी क्षेत्र-1)  विजय गोयल एनटीपीसी नबीनगर परियोजना के समीक्षा दौरे पर थे। उन्होंने स्टेज-॥ निर्माण स्थल, कंट्रोल रूम एवं अन्य प्रमुख संयंत्र क्षेत्रों का निरीक्षण कर वरिष्ठ कर्मचारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने परियोजना के परिचालन से संबंधित विभिन्न पहलुओं की गहन समीक्षा की और अपना आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करते हुए कर्मचारियों के योगदान की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *