टैंकर की चपेट में आने से बालक की मौत

Spread the love

सिंगरौली/सोनभद्र।  चमेली मोड़ पर शुक्रवार की शाम एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें इंडियन ऑयल के टैंकर ने सड़क पार कर रहे 10 वर्षीय बालक को कुचल दिया। हादसा इतना गंभीर था कि बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। सड़क पर मासूम का क्षत-विक्षत शरीर देखकर स्थानीय लोग स्तब्ध रह गए। हादसे की खबर फैलते ही आसपास के दुकानदार और राहगीर बड़ी संख्या में मौके पर इकऋा हो गए। गुस्साए लोगों ने टैंकर को वहीं रोक दिया और शव को सड़क पर रखकर सड़क को पूरी तरह जाम कर दिया, जिससे दोनों दिशाओं में वाहनों की लंबी कतार लग गई। भीड़ ने मौके से भागने की कोशिश कर रहे चालक को पकड़ लिया। आरोप है कि आक्रोश में लोगों ने चालक के साथ मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। चालक को बाद में पुलिस ने भीड़ से छुड़ाकर जिला अस्पताल सह ट्रॉमा सेंटर भेजा, जहां उसका इलाज चल रहा है।
   मृतक बच्चे की पहचान 10 वर्षीय बालक के रूप में हुई है, जो अपने नाना शिवकुमार शाह के घर कुछ दिनों के लिए आया हुआ था। शिवकुमार शाह चमेली मोड़ पर सब्जी विक्रेता हैं। रोज की तरह बच्चा दुकान के पास खेल रहा था, तभी यह हादसा हुआ। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। मोहल्ले में शोक और आक्रोश व्याप्त हैं। घटना की सूचना मिलते ही खुटार चैकी और कोतवाली से पुलिस दल मौके पर पहुंच गया। स्थिति बिगड़ती देख अतिरिक्त पुलिस बल भी बुलाया गया। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया और जाम हटाने की कोशिशें की । पुलिस ने टैंकर को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। चालक के खिलाफ उचित धाराओं में प्रकरण दर्ज किए जाने की तैयारी चल रही है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *