एनटीपीसी बाढ़ में जिला स्तरीय बिहार दिव्यांग क्रिकेट चैंपियनशिप का आयोजन

Spread the love

पटना।एनटीपीसी बाढ़ में दिनांक 15–16 नवंबर 2025 को बाढ़ प्रीमियर लीग 2025 के अंतर्गत “जिला स्तरीय बिहार दिव्यांग क्रिकेट चैंपियनशिप” का आयोजन किया गया। यह प्रतियोगिता एनटीपीसी बाढ़ के सौजन्य से डिफरेंटली-एबेल्ड क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बिहार (DCAB) द्वारा आयोजित की गई, जो डिफरेंटली-एबेल्ड क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ इंडिया (BCCI समर्थित) से संबद्ध है।

इस चैंपियनशिप की विजेता बिहार सीनियर टीम आगामी जोनल और राष्ट्रीय स्तरीय दिव्यांग क्रिकेट चैंपियनशिप में भाग लेगी, जहाँ वह बिहार का प्रतिनिधित्व करेगी। इस प्रतियोगिता में पूर्वी चंपारण, कटिहार, रोहतास, जमुई, दरभंगा और पटना सहित बिहार के विभिन्न जिलों से खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम के पहले दिन बिहार यंगस्टर्स और बिहार सीनियर टीम के बीच पहला मैच खेला गया, जबकि दूसरा मैच बिहार यंगस्टर्स और बिहार मास्टर टीम के बीच आयोजित हुआ। दूसरे दिन फाइनल मैच बिहार सीनियर और बिहार मास्टर टीम के बीच खेला गया, जिसमें बिहार सीनियर टीम विजेता रही।

कार्यक्रम में  जी.श्रीनिवास राव,कार्यकारी निदेशक (एनटीपीसी बाढ़) मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने मैच का उद्घाटन किया और समापन सत्र में विजेता तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया। प्रतियोगिता में वरिष्ठ अधिकारियों, कर्मचारियों और बड़ी संख्या में दर्शकों की उपस्थिति रही।

विदित हो कि एनटीपीसी बाढ़ में बाढ़ प्रीमियर लीग 2025 का आयोजन किया जा रहा है, जो कि 12 नवंबर से लेकर 21 नवंबर 2025 तक आयोजित किया जायेगा। 

एनटीपीसी बाढ़ द्वारा यह आयोजन समावेशन, समान अवसर और दिव्यांगजन सशक्तिकरण के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *