शिक्षकों के हित एवं सामाजिक सुरक्षा के लिए सरकार प्रतिबद्ध-  जिलाधिकारी

Spread the love

मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का हुआ शुभारम्भ  

 सोनभद्र। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ किया गया। योजना के अंतर्गत प्रदेश के लगभग 12 लाख शिक्षकों एवं उनके परिवारों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ मिलेगा। साथ ही 1.10 करोड़ विद्यार्थियों को डीबीटी के माध्यम से यूनिफॉर्म, जूता, मोजा, स्वेटर, बैग एवं स्टेशनरी के लिए प्रति छात्र-छात्रा 1200 की धनराशि प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त 10 लाख शिक्षकों एवं संविदा कर्मियों की सामाजिक सुरक्षा के लिए स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के साथ एमओयू का भी निष्पादन किया गया। जनपद सोनभद्र में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के संबोधन का सजीव प्रसारण किया गया, जिसे उपस्थित अधिकारियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने देखा। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने शिक्षकों को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना से संबंधित प्रमाण-पत्र वितरित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षकों के स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं सम्मान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। यह योजना शिक्षकों एवं उनके परिवारों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ उनकी सामाजिक सुरक्षा को भी सुदृढ़ करेगी। कार्यक्रम में जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह, बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनंद पांडेय, समाज कल्याण राज्य मंत्री के प्रतिनिधि संजीव कुमार तिवारी सहित जनप्रतिनिधिगण, शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक, रसोइया एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।          

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *