एक्सपो में देश एवं प्रदेश के प्रसिद्ध वैज्ञानिक, उद्यमी तथा प्रदेश के विभिन्न जनपदों से लगभग 1000 मत्स्य पालक सम्मिलित होंगे

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मत्स्य विकास विभाग द्वारा उत्तर प्रदेश मीन महोत्सव एवं एक्वा एक्सपो-2026 का दो दिवसीय आयोजन 27 एवं 28 फरवरी 2026 को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, गोमती नगर, लखनऊ में किया जा रहा है। कार्यक्रम का शुभारंभ कल 27 फरवरी को पूर्वान्ह 10ः30 बजे से होगा। एक्सपों में भारत सरकार के मत्स्य पालन, पशुपालन एवं डेयरी, केन्द्रीय राज्यमंत्री प्रो0 एस0पी0सिंह बघेल, उ0प्र0 सरकार के मत्स्य विकास कैबिनेट मंत्री डॉ0 संजय कुमार निषाद मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित होकर कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे। इसके अतिरिक्त एक्सपो में उ0प्र0 मत्स्य जीवी सहकारी संघ लिमिटेड के वीरू साहनी, उ0प्र0, मत्स्य विकास निगम लि0 के अध्यक्ष रमाकांत निषाद, अवनीश कुमार अवस्थी, के0वी0राजू, अपर मुख्य सचिव मुकेश कुमार मेश्राम, भारत सरकार के संयुक्त संचिव सागर मेहरा तथा महानिदेशक मत्स्य श्रीमती धनलक्ष्मी के0 प्रतिभाग करेंगें। प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आयोजित दो दिवसीय एक्सपो में देश एवं प्रदेश के प्रसिद्ध वैज्ञानिक, उद्यमी तथा प्रदेश के विभिन्न जनपदों से लगभग 1000 मत्स्य पालक सम्मिलित होंगे।
मीन महोत्सव प्रदेश के मत्स्य किसानों एवं मत्स्य उद्यमियों के लिए एक सशक्त मंच सिद्ध होगा। वैज्ञानिकों एवं उद्यमियों के साथ सीधा संवाद किसानों को नई तकनीकों से जोड़ने के साथ-साथ उनकी आय वृद्धि में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। प्रदेश सरकार मत्स्य पालन को आधुनिक, लाभकारी एवं आत्मनिर्भर बनाने हेतु पूर्णतः प्रतिबद्ध है। यह संवाद कार्यक्रम जमीनी स्तर की समस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम बनेगा। प्रत्येक मत्स्य किसान एवं मत्स्य उद्यमी को तकनीकी ज्ञान, योजनाओं की जानकारी एवं बाज़ार से सीधा जुड़ाव प्राप्त होगा, जिससे मत्स्य क्षेत्र में सतत विकास सुनिश्चित होगा। साथ ही प्रदेश की जनता को व्यापार, एक्वा पर्यटन, पोषण सुरक्षा एवं रोजगार का लाभ मिलेगा।

गांव गिराँव हिंदी न्यूज़ पोर्टल पर आप – Latest Breaking News, देश, विदेश, खेल, मनोरंजन, राजनीति, क्राइम, ऑटोमोबाइल, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, लाइफस्टाइल, क्रिकेट से सम्बंधित सभी समाचार प्राप्त करते है।
