किरवानी जंगल में मिट्टी का टीला ढहने से तीन महिलाओं की मौत, एक घायल

Spread the love

सोनभद्र। म्योरपुर थाना क्षेत्र के किरवानी गांव के जंगल में सोमवार को सफेद मिट्टी खोदने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। मिट्टी का टीला अचानक ढह गया, जिससे वहां खोदाई कर रहीं महिलाएं मलबे में दब गईं। सुबह करीब साढ़े 11 बजे तक तीन महिलाओं के शव बरामद किए जा चुके थे, जबकि अन्य की तलाश जारी रही।ग्रामीण क्षेत्रों में सफेद मिट्टी का उपयोग घरों में लिपाई-पुताई के लिए किया जाता है। इसी मिट्टी को लाने के लिए गांव की कुछ महिलाएं और बच्चे जंगल में गए थे।

बताया गया कि महिलाएं मिट्टी निकालने के लिए टीले के नीचे तक सुरंग बनाकर खोदाई कर रही थीं। इसी दौरान अचानक मिट्टी का बड़ा हिस्सा भरभराकर गिर पड़ा और अंदर काम कर रहीं महिलाएं उसमें दब गईं।चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलने पर प्रशासन और पुलिस टीम भी पहुंच गई। जेसीबी मशीन की मदद से मलबा हटाया गया और काफी मशक्कत के बाद तीन महिलाओं को बाहर निकाला गया। उन्हें म्योरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।

मृतकों की पहचान सदिकुनिषा (35) निवासी बडहोर थाना बभनी, अमीषा खातून (35) निवासी किरवानी और सीता (30) निवासी किरवानी के रूप में हुई है। वहीं फूलकुमारी नामक महिला गंभीर रूप से घायल बताई जा रही है। जंगल में राहत और बचाव कार्य जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *