तेज रफ्तार ट्रेलर ने मचाई तबाही, कई मकान और दुकान क्षतिग्रस्त

Spread the love

चोपन/सोनभद्र। स्थानीय थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक तेज रफ्तार राखड़ लदा ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने मकानों में जा घुसा। हादसे से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन लाखों रुपये की संपत्ति को नुकसान पहुंचा है।उक्त दुर्घटना गुरुद्वारा स्कूल के पास हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेलर अचानक बेकाबू हो गया और सड़क किनारे खड़े वाहनों व मकानों को टक्कर मार दी। हादसे में चार बाइक और एक कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।मकानों के बाहर लगी लोहे की सीढ़ी, टीन शेड और निर्माण सामग्री जैसे ईंट, बालू और सीमेंट भी टूट-फूट गए।टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए। कुछ ही क्षण में पूरा इलाका धूल के गुबार से भर गया। घटना के बाद चालक ट्रेलर छोड़कर मौके से फरार हो गया। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।पीड़ित दुकानदार नीरज सोनी ने बताया कि अचानक ट्रेलर मकान की ओर मुड़ गया और खड़ी गाड़ियों को रौंदता हुआ दीवार से जा टकराया, जिससे भारी नुकसान हुआ है।सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और नुकसान का जायजा लिया। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर फरार चालक की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *