नौगढ़ वन रेंज के पण्डी जंगल में बन सकती है प्रदेश की दूसरी लायन सफारी 

वन विभाग ने शुरू की तैयारी

NTPC

नौगढ़। (ओमकार नाथ) नौगढ़ वन क्षेत्र के पण्डी जंगल में प्रदेश की दूसरी लायन सफारी बनाए जाने की संभावना तेज हो गई है। 

इस महत्वाकांक्षी परियोजना को लेकर वन विभाग ने कार्ययोजना तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दिया है।

 प्रस्ताव को अंतिम रूप देकर जल्द ही शासन को भेजा जाएगा।जानकारी के अनुसार प्रभागीय वनाधिकारी काशी वन्य जीव प्रभाग रामनगर के निर्देश पर इस परियोजना का विस्तृत प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। 

प्रस्ताव को रामनगर स्थित प्रभागीय वनाधिकारी कार्यालय से शासन को भेजा जाएगा।शासन से स्वीकृति मिलने के बाद करीब 400 हेक्टेयर वनभूमि में लायन सफारी का निर्माण किया जाएगा।

वन विभाग के अधिकारियों का मानना है कि नौगढ़ वन क्षेत्र प्राकृतिक रूप से समृद्ध और वन्यजीवों के अनुकूल वातावरण वाला क्षेत्र है। यहां घना जंगल, जल स्रोत और पर्याप्त खुला क्षेत्र उपलब्ध है जो लायन सफारी के लिए उपयुक्त माना जा रहा है। सफारी बनने से क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।

प्रदेश में वर्तमान समय में केवल इटावा सफारी पार्क ही लायन सफारी के रूप में संचालित हो रहा है।  नौगढ़ में भी लायन सफारी का निर्माण होने से यह उत्तर प्रदेश की दूसरी लायन सफारी होगी। इससे नौगढ़ क्षेत्र की पहचान प्रदेश और देश के पर्यटन मानचित्र पर और मजबूत होगी।

वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, शासन से स्वीकृति मिलने के बाद भूमि चिह्नांकन, सुरक्षा व्यवस्था, बाउंड्री निर्माण, वन्यजीव संरक्षण और पर्यटकों की सुविधाओं से संबंधित कार्य चरणबद्ध तरीके से शुरू किए जाएंगे।

स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने इस प्रस्ताव का स्वागत किया है। उनका कहना है कि लायन सफारी बनने से क्षेत्र का समग्र विकास होगा और नौगढ़ वन क्षेत्र को नई पहचान मिलेगी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *